निगम खाते में एक दिन में एनओसी के 12 लाख रुपए
रतलाम. जैसे-जैसे निकाय चुनाव के फार्म भरने की तिथि नजदीक आ रही है वैसे-वैसे निगम की आय में दिनों-दिन वृद्धि हो रही है। नगर निगम अभी तक 710 एनओसी प्रमाण-पत्र जारी कर चुका है। 116 प्रमाण-पत्र शुक्रवार को जारी किए गए। कांग्रेस से जुड़े व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया के नजदीकी डॉ. राजेश शर्मा ने संपत्ति कर के 12 लाख रु. जमा कर सभी को आश्चर्यचकित कर दिया है।
नगरनिगम सूत्रों के अनुसार डॉ. राजेश शर्मा ने करीब 12 लाख का सपंत्ति कर जमा करवाया है। शुक्रवार को दिनभर नगरनिगम में यह चर्चा का विषय रहा कि इतनी बड़ी राशि संपत्ति कर के रूप में जमा कराने के पीछे डॉ. शर्मा का चुनाव लड़ना तय है। एनओसी के नाम पर विभिन्न मदों में 21 लाख 56 हजार रु. जमा हो गए हैं जो एक रिकॉर्ड है। सूत्रों के अनुसार जलकर के रूप में भी निगम को करीब 80 हजार रु. की बकाया राशि प्राप्त हुई है।
यह जरूरी नहीं है कि चुनाव लड़ने हेतु संपत्ति कर जमा करवाया है। निगम की सूचना पर यह राशि जमा करवाई है। - डॉ. राजेश शर्मा
अभी तक 21 लाख से अधिक रुपए जमा कर लिए हैं। 26 नवंबर तक तय समयसीमा में और भी राशि जमा हो सकती है। - जी.के. जायसवाल, प्रभारी सिटी इंजीनियर
जलकर को वसूल करना बड़ी टेढ़ी खीर है। ऐसे में लगभग 80 हजार रु. की राशि निगम को बिना प्रयास के प्राप्त हुई है। संपत्ति कर और जल कर की अच्छी वसूली हुई है। - राजेशकुमार उपाध्याय जल प्रदाय अधीक्षक










