सरकारी दफ्तर में तोड़फोड़
रतलाम. गीतामंदिर रोड स्थित श्रम अधिकारी कार्यालय में दो कर्मचारियों का शीतयुद्ध परवान पर चढ़ गया और दोनों ने तोड़फोड़ के साथ ही हाथापाई भी की। इसके बाद मामला थाने पहुंचा और दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ स्टेशन रोड पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। शुक्रवार सुबह करीब ११.३क् बजे श्रम विभाग के कार्यालय में अचानक बवाल मच गया।
विभाग के लेबर इंस्पेक्टर दिनेश कांठेड़ व लिपिक शिवकुमार मिश्रा के बीच काम को लेकर शीतयुद्ध पिछले दिनों से चल रहा था। शुक्रवार को दोनों कर्मचारी श्रम विभाग अधिकारी एस.एस. मंडलोई के कैबिन में पहुंचे और कहासुनी देखते ही देखते बढ़ गई। इस दौरान दोनों ने एक दूसरे के साथ मारपीट शुरू कर दी। कैबिन में टेबल पर रखा कांच फोड़ने के साथ ही पूरे कार्यालय का सामान तितर-बितर कर दिया।
इसके बाद लिपिक श्री मिश्रा ने स्टेशन रोड थाने पहुंच लेबर इंस्पेक्टर दिनेश कांठेड़ के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। श्री कांठेड़ भी थाने पहुंचे और उन्होंने भी लिपिक श्री मिश्रा व अधिकारी श्री मंडलोई के खिलाफ परेशान करने तथा छोटी-छोटी बात पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई।
कर्मचारियों में क्या है विवाद की जड़- विभागीय सूत्रों के अनुसार गुरुवार शाम करीब ६.३क् बजे लिपिक श्री मिश्रा को मेडिकल चेकअप के लिए ले जा रहे थे तभी लेबर इंस्पेक्टर श्री कांठेड़ ने उन्हें कुछ लेटर भेजने के लिए दे दिए। इस दौरान श्री मिश्रा व श्री कांठेड़ के बीच कुछ कहासुनी हो गई और उस समय भी विवाद की स्थिति निर्मित हो गई थी।
एक-दूसरे पर लगाई आरोपों की झड़ी- इस संबंध में जब मीडिया ने श्रम विभाग के अधिकारी से लेकर विवाद करने वाले कर्मचारियों से चर्चा की तो उन्होंने एक दूसरे पर आरोप लगाए और प्रताड़ित किए जाने की बात कही। साथ ही अधिकारी की नेतृत्व क्षमता पर भी सवाल खड़े किए गए कि उनके कुछ व्यक्तिगत हित नहीं सध रहे हैं जिससे वह इस तरह का माहौल बना रहे हैं।
टेबल का कांच फोड़ा
लेबर इंस्पेक्टर श्री कांठेड़ आवेश में आकर कर्मचारियों के साथ आए दिन र्दुव्यव्यहार करते हैं और शुक्रवार को भी उन्होंने मेरे कार्यालय में टेबल के कांच को फोड़ा व सामान को बाहर फेंक लिपिक श्री मिश्रा से विवाद शुरू कर दिया। - एस.एस. मंडलोई, श्रम विभाग अधिकारी
श्रम निरीक्षक श्री कांठेड़ मेरे साथ र्दुव्यवहार करते हैं और आए दिन मुझे परेशान करते हैं। शुक्रवार को भी श्रम पदाधिकारी के कैबिन में अभद्र व्यवहार किया और जब मैंने इसका विरोध किया तो मारपीट पर उतारू हो गए। - शिवकुमार मिश्रा, लिपिक-श्रम विभाग
श्री मिश्रा को मैंने गुरुवार शाम को लेटर डिस्पेच करने के लिए दिए थे और मेरे साथ अभद्र व्यवहार करने लगे। शुक्रवार को श्रम पदाधिकारी के कैबिन में दो अनजान युवक बैठे थे और मेरे साथ अभद्र व्यवहार करने लगे जब इसका विरोध किया तो सभी मारपीट पर उतारू हो गए। - दिनेश कांठेड़, लेबर इंस्पेक्टर-श्रम विभाग










