शिक्षण व्यवस्था के लिए अब समानीकरण का इंतजार
अलवर। शिक्षा विभाग में समानीकरण की एक बार फिर शुरू हुई कवायद के बाद शैक्षणिक व्यवस्था को फिलहाल टाल दिया गया है। अब सैकंडरी, सीनियर सैकंडरी स्कूलों में एलिमेंट्री में कार्यरत उच्च शैक्षणिक योग्यता वाले शिक्षकों को मार्च तक नियुक्त करने के बजाय समानीकरण में इधर-उधर होने वाले शिक्षकों का इंतजार किया जा रहा है।
अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक, द्वितीय) नेकीराम ने बताया कि नव-क्रमोन्नत स्कूलों में रिक्त पदों पर समानीकरण से नियुक्ति की जाएगी। इससे पहले शिक्षा निदेशक ने प्रारंभिक शिक्षा विभाग से शिक्षकों को विषय अध्यापकों के रिक्त पदों पर अस्थाई नियुक्ति देने के निर्देश दिए थे।
शिक्षक संघ ने भी की मांग: सैकंडरी और सीनियर सैकंडरी स्कूलों में शिक्षकों की कमी को पूरा करने की मांग राज. प्रा. एवं मा. शिक्षक संघ ने भी की है। संघ का एक प्रतिनिधि दल शुक्रवार को जिलाध्यक्ष तेजपाल यादव के नेतृत्व में एडीईओ नेकीराम से मिला। शिक्षकों ने लंबे समय से रिक्त पदों के कारण ग्रामीणों में बढ़ते आक्रोश और विद्यार्थियों की चौपट हो रही पढ़ाई की समस्या रखी।
इसके अलावा संघ की ओर से नव-क्रमोन्नत स्कूलों के संस्था प्रधानों को क्३ की पॉवर देने, एसएसए से मूल विभाग में लौटे संदर्भ व्यक्तियों का वेतन संबंधित स्कूलों से जारी करने आदि की मांग रखी। एडीईओ ने सभी समस्याओं के शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया है। इस दौरान सभाध्यक्ष लक्ष्मीनारायण, वरिष्ठ उपाध्यक्ष महावीर गुर्जर, जिला मंत्री भरत गुर्जर, शिक्षिका सरोज यादव आदि उपस्थित थे।










