श्रीनगर/नई दिल्ली. चीन यात्रा की योजना बना रहे हुर्रियत कान्फ्रेंस के नेता मीरवाइज उमर फारूक ने यह कहकर नया विवाद छेड़ दिया है कि कश्मीर मुद्दे से बीजिंग का ‘सीधा संबंध’ है। इस बयान पर सरकार ने कड़ा ऐतराज जताया है।
मीरवाइज ने शुक्रवार को कहा कि चीन का कश्मीर से सीधा संबंध है क्योंकि इसके पाकिस्तान द्वारा दिए गए अक्साई चिन व कुछ अन्य हिस्से चीन के सीधे नियंत्रण में हैं। अमेरिका ने माना है कि दक्षिण एशिया में शांति लाने के लिहाज से कश्मीर एक अहम मुद्दा है। ऐसे में हम कश्मीर के बारे में चीन और अमेरिका की सोच का स्वागत करते हैं।
उन्होंने केंद्र से यह भी कहा कि वह कश्मीरियों को स्टेपल वीजा पर चीन जाने की इजाजत दे। ये वीजा चीन मुहैया करा रहा है। मीरवाइज ने ये विचार अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा तथा उनके चीनी समकक्ष हू जिन्ताओ के मंगलवार को जारी संयुक्त बयान के संदर्भ में जताए। उधर, सरकार का कहना है कि कश्मीर का मसला सुलझाने में तीसरे पक्ष की कोई गुंजाइश नहीं है। यह विवाद सिर्फ भारत तथा पाकिस्तान तक ही सीमित है।



