स्वाइन फ्लू : मदद को बढ़े हाथ
सोनीपत. स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों को देखते हुए अब केमिस्टों ने भी एक कदम आगे बढ़ाया है। हरियाणा स्टेट केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन ने सभी केमिस्टों को पत्र लिखकर स्वाइन फ्लू से संबंधित दवाओं व मास्कों को लेकर हर तरह की मदद करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही जिला प्रशासन ने उन सभी स्कूल संचालकों को निर्देश दिए हैं कि जहां भी स्वाइन फ्लू के केस मिलते हैं वहां सात दिन की छुट्टी की जाए। क्योंकि फ्लू के वायरस का असर सात दिन तक रहता है।
जिले में अब तक स्वाइन फ्लू के 17 मामले सामने आ चुके हैं। शुक्रवार को भी स्वाइन फ्लू के 22 लोगों के सैंपल जांच के लिए एनआईसीडी भेजे गए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए हरियाणा स्टेट ड्रगिस्ट एंड केमिस्ट एसोसिएशन ने प्रदेश के सभी केमिस्टों को पत्र भेजकर इस मामले में आम लोगों व प्रशासन की मदद के लिए सामने आने को कहा है।
मास्कों की बिक्री व दवाओं में किसी तरह की कालाबाजारी न हो इसके लिए भी निर्देश दिए गए हैं। एसोसिएशन के एडवाइजर सतीश विज का कहना है कि स्वाइन फ्लू से निपटने के लिए केमिस्ट पूरी तरह से तैयार हैं। मास्क से लेकर दवाओं की आपूर्ति में किसी भी तरह की कोई दिक्कत नहीं आने दी जाएगी।
दिए निर्देश
हरियाणा स्टेट केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन ने सभी केमिस्टों को पत्र लिखकर स्वाइन फ्लू से संबंधित दवाओं व मास्कों को लेकर हर तरह की मदद करने के निर्देश दिए।
व्यवस्था
सिविल अस्पताल में स्वाइन फ्लू की जांच के लिए अलग से वार्ड बनाया गया है। अगर कोई संदिग्ध मामला सामने आता है तो सैंपल लेने के बाद उन्हें तुरंत एनआईसीडी लैब दिल्ली भेजा जा रहा है। अब तक जिले से 150 से ज्यादा सैंपल भेजे जा चुके हैं।
सुविधा
एनआईसीडी ने मामले की गंभीरता को देखते सभी सैंपलों की रिपोर्ट 24 घंटे में देनी शुरू कर दी है। जबकि इससे पहले रिपोर्ट आने में महीनों लग जाते थे। स्वास्थ्य विभाग द्वारा रिपोर्ट आने पर काफी सर्तकता बरती जा रही है।
स्थिति नियंत्रण में
स्वाइन फ्लू को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से गंभीर है। फ्लू के वायरस का असर सात दिन तक रहता है। इसलिए जिन स्कूलों में केस मिले वहां सात दिन की छुट्टी कर दी गई थी। इसके अलावा जांच के अलावा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को पूर्ण सतर्कता बरतने के लिए कहा गया है। - अजीत जोश, डीसी, सोनीपत
हर मदद को तैयार
किसी भी विपदा में कैमिस्ट आम लोगों व सरकार के साथ है। स्वाइन फ्लू को लेकर सभी कैमिस्टों को पत्र लिखकर निर्देश दिए गए हैं कि मास्क व दवाओं को लेकर किसी भी तरह की परेशानी न आने दी जाए। साथ ही लोगों को निर्धारित दाम पर ही मास्क व दवाई उपलब्ध कराएं। - सतीश विज, एडवाइजर, हरियाणा स्टेट कैमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन।










