राहुल यात्रा को लेकर होगा हवाई सर्वे
कोटा. कांग्रेस के महासचिव राहुल गांधी की 24 नवंबर को कोटा यात्रा को देखते हुए सभी सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। पुलिस ने कार्यक्रम स्थल आईएल सभागार को अपने कब्जे में ले लिया, वहीं रूट का निरीक्षण कर सुरक्षा बिंदुओं को चेकआउट किया। सुरक्षा के ऐसे इंतजाम रहेंगे कि चप्पे-—चप्पे पर पुलिस नजर आएगी। सुरक्षा को लेकर हवाई सर्वे भी किया जाएगा।
कोचिंग छात्रों की ‘क्लास’ लेने के लिए कोटा आ रहे राहुल गांधी यहां पर मात्र दो घंटे रुकेंगे, लेकिन वीवीआईपी सुरक्षा प्राप्त होने के कारण उनकी सुरक्षा के लिए तमाम सुरक्षा एजेंसियां 6 दिन पहले से ही सतर्क हो गईं। स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (एसपीजी) की टीम पिछले दो दिनों से सुरक्षा इंतजामों को देख रही है, वहीं फर्जी हथियार लाइसेंस प्रकरण का पर्दाफाश करने में जुटी स्थानीय पुलिस भी यह काम छोड़कर इसी व्यवस्था में जुट गई।
एसपीजी के वरिष्ठ अधिकारी शनिवार तक कोटा पहुंच जाएंगे। उसके बाद हवाई सर्वे किया जाएगा। हेलीकॉप्टर व चार्टर प्लेन कैसे लैंड व टेक ऑफ करेगा, उसमें क्या—क्या बाधाएं आ सकती हैं, इसकी प्रैक्टिस की जाएगी।
गृह मंत्री व आईजी ने किया निरीक्षण
गृह मंत्री शांति धारीवाल, आईजी राजीव दासोत, एसपी भूपेन्द्र साहू सहित कई अधिकारियों ने शुक्रवार को कार्यक्रम स्थल, एयरपोर्ट व मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान उन सभी स्पॉट को देखा गया जहां पुलिसकर्मी तैनात किए जाने हैं। यातायात व पार्किग की व्यवस्था के पॉइंट भी तय किए गए।
बैठकों का दौर शुरू
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों की मैराथन बैठकों का दौर शुरू हो गया। शुक्रवार को भी शहर में सुबह व शाम को दो बार बैठक हुई। जिसमें किन-—किन पुलिसकर्मियों को कहां-—कहां तैनात किए जाए, इस पर विचार—विमर्श हुआ।
केवल पास से होगी एंट्री
कार्यक्रम स्थल पर केवल वही पहुंच सकेगा, जिसे सुरक्षा एजेसिंयों द्वारा पास जारी किया जाएगा। बिना पास वाले व्यक्ति को कार्यक्रम स्थल के आसपास भी नहीं फटकने दिया जाएगा। जिनके पास जारी होंगे, उन्हें भी कड़ी जांच से गुजरना होगा।
सुरक्षा के इंतजाम काफी कड़े होंगे। जगह —जगह चेक पोस्ट होगी और चप्पे —चप्पे पर पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। एक्सेस कंट्रोल व ट्रैफिक के पुख्ता प्रबंध होंगे। इसके अलावा एसपीजी के साथ समन्वय बनाकर सुरक्षा प्रबंध किए जाएंगे।
राजीव दासोत, आईजी, कोटा रेंज
कोचिंग छात्रों से दो घंटे करेंगे सवाल-जवाब
गृह मंत्री शांति धारीवाल ने बताया कि कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव राहुल गांधी सुबह 10.20 बजे विशेष विमान से दिल्ली से कोटा पहुंचेंगे। वे यहां कोचिंग छात्रों से मिलकर उनसे सवाल—जवाब करेंगे। इस कार्यक्रम में 5 हजार कोचिंग छात्रों को ही प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। कार्यक्रम में एनआरआई कोचिंग छात्र भी शामिल हो सकते हैं। कोचिंग छात्रों का कार्यक्रम 10.30 बजे शुरू होगा जो एक घंटे का होगा।
इसमें छात्र राहुल गांधी से प्रश्न पूछेंगे और वे जवाब देंगे। इसी प्रकार राहुल गांधी भी छात्रों से प्रश्न पूछेंगे। राहुल गांधी युवक कांग्रेस के नए सदस्यों से मिलेंगे। इस कार्यक्रम में केवल 300 सदस्य भाग ले सकेंगे। शीघ्र ही युवक कांग्रेस के चुनाव होने वाले हैं, इनमें पदों पर बैठने के बारे में युवक कांग्रेस के सदस्यों से जानकारी लेंगे। इन दोनों कार्यक्रमों के बाद राहुल गांधी दोपहर 12.30 बजे जयपुर प्रस्थान कर जाएंगे।










