सेक्टर-29 को मिल गया नहरी पानी
पानीपत. लंबे समय की जद्दोजहद के बाद आखिरकार सेक्टर-29 को नहरी पानी मिल ही गया। एक साल से भी अधिक समय से चली इस जद्दोजहद में विभाग ने कानूनी लड़ाई हारने के बाद भी जीत हासिल की है। विभाग की ओर से नहरी पानी लाने के लिए केवल 100 मीटर का टुकड़ा ही अड़चन बना हुआ था। इस अड़चन को पिछले दिनों ही विभागीय अधिकारियों ने दूर कर दिया और सेक्टर 29 में नहरी पानी को लाने में सफलता हासिल की है।
100 मीटर का टुकड़ा अड़चन
सेक्टर-29 में नहरी पानी लाने की योजना के बीच में 100 मीटर का जमीन का टुकड़ा अड़चन बन रहा था। इस जमीन के नीचे से नहरी पानी की पाइप लाइन जानी थी, लेकिन जमीन के मालिक एसके फैब ने अदालत में इसके विरुद्ध स्टे ले लिया। इस पर हाईकोर्ट ने विभाग के पक्ष में फैसला सुनाते हुए जमीन के नीचे से पाइप ले जाने की स्वीकृति दे दी।
इसके बाद मामला सुप्रीम कोर्ट में भी चला गया, जिसमें पिछले दिनों विभाग की हार हुई। इसके बाद विभागीय अधिकारियों ने जमीन के मालिक से बातचीत कर उनकी संतुष्टि पर जमीन एक्वायर कर ली तथा जमीन के नीचे पानी की पाइप लाइन डाल दी।
ले चुके हैं ट्रायल
नहरी पानी की पाइप लाइन का विभाग की ओर से ट्रायल लिया जा चुका है। ट्रायल में पाइप लाइन कई जगहों से लीकेज पाई गई थी। इस कारण अब इसकी मरम्मत का कार्य चल रहा है।
इसलिए लाए पानी
सेक्टर 29 पार्ट—2 को विभागीय योजना के तहत डाई हाउस स्पेशल सेक्टर बनाया गया था। इसमें शहर की सभी डाई यूनिट को शिफ्ट करने का प्रोजेक्ट शामिल था। इसी योजना के तहत सेक्टर 29 में सीईटीपी प्लांट भी लगाया गया था। इसके बाद विभाग ने डाई हाउस यूनिटों के पानी की जरूरत को पूरा करने के लिए ही नहरी पानी की योजना बनाई।
नहीं है पर्याप्त
हुडा विभाग नहर से जितना पानी सेक्टर 29 में लेकर आया है, उस पानी से एक भी डाई यूनिट नहीं चल पाएगी। इसी नहर से दिल्ली में पीने का पानी जाता है, जब दिल्ली में लोगों को पीने का पानी नहीं मिल पाता तो विभाग हमारी यूनिट के लिए कितना पानी दे पाएगा। - यशपाल मलिक, प्रधान, डायर्स एसो.
जल्द ठीक कराएंगे
नहर का पानी ठीक—ठाक पहुंच गया है, कुछ जगह पर लीकेज है। जिसे जल्द ही ठीक कर दिया जाएगा। - नरेश साहनी, एसडीओ, हुड्डा










