निर्माण विभाग करेगा आधुनिकीकरण
अजमेर. उत्तर-पश्चिम रेल प्रशासन ने लोको एवं कैरिज कारखाना के आधुनिकीकरण कार्य रेलवे निर्माण विभाग को सौंप दिया है। निर्माण विभाग ने लोको कारखाना के आधुनिकीकरण के लिए करीब 35 करोड़ रुपए के टेंडर किए हैं। आधुनिकीकरण कार्य के लिए राइट्स से समझौता नहीं होने के बाद उत्तर-पश्चिम रेलवे प्रशासन ने सिविल वर्क निर्माण विभाग से, विद्युत कार्य रेलवे के विद्युत विभाग और मैकेनिकल से जुड़े काम रेलवे के यांत्रिकी विभाग से कराने का फैसला किया है।
निर्माण विभाग ने लोको कारखाना में 34 करोड़ 24 लाख रुपए की लागत से आधुनिकीकरण के सिविल कार्यो का टेंडर जारी किया है। कैरिज कारखाने में 22 करोड़ 54 लाख रुपए के सिविल वर्क्स का टेंडर नवंबर के अंत तक जारी किए जाएंगे।
राइट्स के कारण हुए लेट
आधुनिकीकरण के प्रस्ताव पर राइट्स के अधिकारियों से विचार-विमर्श और समझौता पत्र में एक वर्ष से ज्यादा का समय बीत गया। जोन के अफसरों और राइट्स के बीच शर्तो पर सहमति नहीं बनने पर आखिरकार जोन के निर्माण, विद्युत और यांत्रिकी विभाग से ही आधुनिकीकरण कार्य कराया जा रहा है।
पांच चरणों में होगा कार्य
पहला चरण वर्क आर्डर जारी होने के 12 महीने के भीतर पूरा करना होगा। दूसरा चरण 18 महीने में, तीसरा 21 महीने में, चौथा 25 महीने में और पांचवां चरण 30 महीने में पूरा करना होगा। उप मुख्य अभियंता राकेश छत्री के अनुसार लोको और कैरिज कारखाना में शेड निर्माण पोरटेल फाइबर तकनीक से बनाया जाएगा। दिल्ली मेट्रो में शेड इसी तकनीक से बनाए गए हैं।
खर्च होंगे 72 करोड़ 74 लाख
कारखाना अधिकारियों के अनुसार कैरिज कारखाने पर 72 करोड़ 74 लाख 97 हजार रुपए खर्च किए जाएंगे। इसमें से 22 करोड़ 54 लाख के सिविल वर्क्स, 43 करोड़ 25 लाख के मैकेनिकल कार्य, 6 करोड़ 94 लाख के इलेक्ट्रिक वर्क्स कराए जाएंगे। लोको कारखाने के आधुनिकीकरण में 34 करोड़ 24 लाख रुपए के सिविल वर्क्स, 20 करोड़ रुपए के मैकेनिकल वर्क्स व करीब 5 करोड़ के इलेक्ट्रिकल वर्क्स होंगे।
लोको में ये काम होंगे
वैगन की अंतिम जांच के लिए शेड, हील शॉप का विस्तार, वैगन बोगी शेड, वैगन के लिए स्ट्रीपिंग शेड, ब्रॉडगेज डीजल लोको और डेम पीओएच शेड, डेमू के लोड बॉक्स शेड, सरफेस ट्रैवसर, दो उच्च जलाशय, वाहन पार्किंग स्टैंड, कारखाना में बीजी का नया ट्रैक, विद्युतीकरण में आमूलचूल बदलाव, वाशिंग प्लांट, कलर प्लांट।
कैरिज कारखाना में ये होंगे काम
2 कोच लिफ्टिंग शॉप निर्माण, एसरनेटर सेक्शन शॉप निर्माण, फाइनल आउट गोइंग शॉप निर्माण, बोगी रिपेयर नार्थ शेड का विस्तार, बोगी रिपेयर साउथ शेड का विस्तार, बैटरी सेक्शन का विस्तार, नया ड्रेनेज सिस्टम, कारखाना में नई सड़क निर्माण, बीजी के नए ट्रैक, पाथवे निर्माण, बोर्ड रूम का विस्तार कार्य, कोच वाशिंग प्लांट, कोच बोगी कलर प्लांट।
आधुनिकीकरण कार्य निर्माण, विद्युत और यांत्रिकी विभाग से कराए जाएंगे। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू हो गई है। - एके वर्मा, मुख्य यांत्रिकी अभियंता, उत्तर-पश्चिम रेलवे










