आज आएगी सीपी की टीम
भीलवाड़ा. विशिष्ट आजीविका मिशन के तहत देश के पहले पायलट प्रोजेक्ट के शुभांरभ के लिए केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय की टीम शनिवार को आएगी। मंत्री डॉ.सी.पी.जोशी रविवार को रायला से शुभारंभ करेंगे। इसकी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
जिले के 100 गांवों के इस प्रोजेक्ट पर तीन साल में कृषि, पशुपालन, वाटरशेड, डेयरी, ग्रामीण विकास सहित विभिन्न विभागीय योजनाओं में 3 अरब 38 करोड़ 69 लाख 16 हजार रुपए खर्च होंगे। रोजगार के नए अवसर सृजित कर ग्रामीणों की आर्थिक दशा सुधारने की मंशा से यह कार्यक्रम शुरू हो रहा है। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ.मोहनलाल शर्मा ने बताया कि केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय में निदेशक (एसजीएसवाई स्पेशल प्रोजेक्ट) अमरजीत बंगा तथा संयुक्त सचिव (एसजीएसवाई) डॉ.अमर सिंह शनिवार को आएंगे।
वे पायलट प्रोजेक्ट के शुभारंभ की तैयारियों की समीक्षा करेंगे। प्रोजेक्ट की शुरुआत 22 नवंबर को सुबह 9:30 बजे रायला स्थित राजकीय आदर्श उच्च प्राथमिक विद्यालय में होगी। राज्य के खनिज, वन व पर्यावरण मंत्री रामलाल जाट सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।










