कूड़े में कूड़ेदान
पानीपत. शहर का कूड़ा कहीं भी डालें, इससे नगर परिषद का कोई लेना—देना नहीं। सिर्फ दिखावे के लिए इक्का—दुक्का जगह ही डस्टबिन रखे गए हैं। विभाग की लापरवाही शहरवासियों को बीमारी की दावत देने में लगी है। डस्टबिन के अभाव में शहर के गली—नुक्कड़ों पर जगह—जगह गंदगी के ढेर लगे हैं।
नप अधिकारी कार्यालय में बैठकर अपनी डच्यूटी पूरी कर रहे हैं। तभी तो काफी समय से शहर में मुख्य स्थानों गंदगी डालने के लिए रखे जाने वाले डस्टबिन हाली पार्क में शोपीस बने हुए हैं। यदि और थोड़े दिन ये डस्टबिन यहां पड़े रहे तो शायद ये भी कूड़े के ढेर में तब्दील हो जाएं। डस्टबिन रखे जाएं या न रखे जाएं, शहर की गंदगी अवश्य बेकाबू होती जा रही है।
ये थी योजना
नगर परिषद को पिछले वर्ष शहर में विभिन्न जगहों पर गंदगी को डालने के लिए हरे रंग के सैकड़ों छोटे डस्टबिन रखवाने थे। डस्टबिन बन तो गए, लेकिन अधिकारियों के उदासीन रवैये के चलते ये डस्टबिन शहर में गंदगी डालने वाले स्थानों पर रखने की बजाए हाली पार्क में रखे धूल फांक रहे हैं।
यहां डाला जा रहा है कूड़ा
शहर में असंध रोड स्थित अनेजा पेट्रोल पंप के पास, असंध पुल के नीचे तिकोना पार्क, हुडा सेक्टर-—11 गौस गली के सामने, फतेहपुरी चौक पर हनुमान मंदिर के सामने, न्यू हाउसिंग बोर्ड साईंबाबा चौक पर, वार्ड 11 के महावीर स्कूल के पास समेत शहर में और भी कई जगहों पर डस्टबिन के अभाव में लोग सड़क पर ही कूड़ा डालने को मजबूर हैं।
डस्टबिन न होने की वजह से तहसील कैंप में कई जगह सड़कें कूड़ा घर बन गई हैं। नप अधिकारियों को कई बार डस्टबिन लगाने व नियमित सफाई की मांग की जा चुकी है, लेकिन सुनवाई नहीं है। - हरीश शर्मा, पार्षद वार्ड 6
छोटे डस्टबिन हाली पार्क में रखे गए हैं। इनको शहर में जल्द ही गली—नुक्कड़ों पर रखवाया जाएगा, ताकि शहर की सुंदरता बरकरार रह सके। लोगों को भी कूड़ा कूड़ेदान में ही डालना चाहिए। - बलवान कुंडू, चीफ सेनेटरी इंस्पेक्टर नप
शहर में डस्टबिन न होने के बारे में मुझे पूरी तरह पता नहीं है। संबंधित अधिकारी से बात करेंगे। कुछ स्मेकियों की नजर इन लोहे के डस्टबिनों पर पड़ी और उन्होंने वे कब गायब कर दिए, पता नहीं। - रोहताश शर्मा, कार्यकारी अध्यक्ष, नप










