भीलवाड़ा में स्वाइन फ्लू का दूसरा पॉजीटिव केस
भीलवाड़ा. शहर में स्वाइन फ्लू का दूसरा पॉजीटिव केस सामने आया है। जयपुर के जेआईटी कॉलेज में पढ़ने वाले इंजीनियरिंग कॉलेज के 20 वर्षीय स्टूडेंट स्वाइन फ्लू पॉजीटिव पाया गया है। आरसी व्यास कॉलोनी के ‘के’ सेक्टर में रहने वाले स्टूडेंट की हालत फिलहाल स्वस्थ बताई जा रही है।
चिकित्सा विभाग की टीम ने गुरुवार देर रात व शुक्रवार जल्दी सुबह उसके पहुंचकर उसकी स्थिति का जायजा लिया। चिकित्सा विभाग को गुरुवार रात लगभग 10:30 बजे इस स्टूडेंट में स्वाइन फ्लू पॉजीटिव होने की जानकारी मिली। रात को सीएमएचओ आरसी सामरिया चिकित्सा विभाग की टीम की साथ उसके आवास पर पहुंचे। फस्र्ट कैटेगिरी का स्वाइन फ्लू होने की पुष्टि जयपुर की एक निजी लैब द्वारा की गई है। सुबह भी चिकित्सा विभाग के अधिकारी उसके निवास पर पहुंचे। उसके पेरेंट्स के साथ उसकी बड़ी बहन की भी स्क्रीनिंग की गई।
सीएमएचओ आरसी सामरिया ने बताया कि गुरुवार को ही उसकी रिपोर्ट पॉजीटिव आई है। स्टूडेंट को हल्की खांसी की शिकायत थी। उसको परिवारजनों की निगरानी में आईसोलेडेट रखा गया है। उसकी हालत में भी सुधार आ रहा है। चिकित्सा विभाग उसके स्वास्थ्य पर सात दिन तक निगरानी रखेगा। उधर, इससे पहले आरके कॉलोनी में एक बालिका को स्वाइन फ्लू पॉजीटिव होने पुष्टि हुई थी। उसके स्वास्थ्य में अब काफी सुधार आया है।
पहले ही थी आशंका आरके कॉलोनी में एक बालिका में स्वाइन फ्लू पॉजीटिव मिलने के बाद चिकित्सा विभाग को यह आशंका थी कि बाहर से स्टूडेंट्स से यह संक्रमण शहर में भी हो सकता है। इसलिए चिकित्सा विभाग ने बाहर से आने वाले स्टूडेंट्स पर निगरानी रखनी शुरू कर दी।
शादी में हिस्सा लेने आया था
इंजीनियरिंग कॉलेज का यह स्टूडेंट भीलवाड़ा में एक शादी समारोह में हिस्सा लेने आया था। 18 नवंबर को जयपुर की एक निजी लैब में इसने चैकअप करवाया था और 19 नवंबर को स्वाइन फ्लू पॉजीटिव होने की रिपोर्ट प्राप्त हुई। चिकित्सा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि इंजीनियरिंग कॉलेज के जिस हॉस्टल में यह स्टूडेंट रहता था, उसके पास के रूप में एक और बच्चे को स्वाइन फ्लू हुआ था, उससे यह संक्रमण इसमें आया।
शुक्र है शहर में नहीं फैला संक्रमण
स्वाइन फ्लू के दोनों पॉजीटिव मामले अलग-अलग शहरों से आए हैं। ऐसे में भीलवाड़ा में किसी को स्वाइन फ्लू होने की उम्मीद नहीं है। अगर भीलवाड़ा में रहने वाले किसी व्यक्ति को शहर के किसी व्यक्ति से यह संक्रमण फैल जाता है तो काफी मुश्किले खड़ी हो सकती है।










