कम हुआ न्यूनतम तापमान, बढ़ गई ठंड
हिसार. शहर में अब जैसे-जैसे नवंबर का महीना समाप्त हो रहा है ठंड का असर बढ़ रहा है। इन दिनों हिसार का न्यूनतम तापमान सामान्य से दो-तीन डिग्री सेल्सियस कम चल रहा है। शहर में उत्तर-पश्चिमी हवा का जोर होने के कारण ठंड बढ़ रही है। हवा में नमी अधिक होने के कारण सुबह धुंध का भी प्रभाव बढ़ रहा है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अभी कुछ दिन तक ठंड बढ़ेगी। शुक्रवार को हिसार का अधिकतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस रहा और न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस रहा। पिछले पांच दिनों से अधिकतम व न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट आ रही है।
इन दिनों में उत्तर-पश्चिमी हवा का क्षेत्र में जोर बढ़ा है। इसके कारण ही तापमान में गिरावट आ रही है। 19 नवंबर को शहर का अधिकतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस रहा। 18 नवंबर को हिसार का अधिकतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम 6.7 डिग्री सेल्सियस रहा।
इसी प्रकार 17 नवंबर को अधिकतम तापमान 26.3 व न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस तथा 16 नवंबर को अधिकतम तापमान 27.1 व न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस रहा। तापमान में अधिक गिरावट 18 नवंबर से आनी शुरू हुई है।
हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय में कृषि मौसम विज्ञान विभाग के प्रमुख डॉ. दीवान सिंह के अनुसार फिलहाल न्यूनतम तापमान सामान्य स्थिति से दो-तीन डिग्री सेल्सियस कम चल रहा है। अधिकतम तापमान सामान्य स्थिति में है। उत्तर-पश्चिमी हवा के जोर से ठंड बढ़ रही है और आने वाले कुछ दिन यही हालत रहेगी।










