सरोज मोर के भतीजे की हादसे में मौत
हिसार. हलका नारनौंद से इनेलो विधायक सरोज मोर के भतीजे कमलदीप उर्फ अमित (19) की शुक्रवार दोपहर को एक सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे में मृतक के दो दोस्त दीपक और आशीष गंभीर रूप से घायल हो गए। ये तीनों मोटरसाइकिल पर जा रहे थे कि गांव मय्यड़ के समीप एक ट्रैक्टर की चपेट में आ गए।
पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। विधायक सरोज मोर के देवर अजीत सिंह हरियाणा पुलिस में हवलदार हैं। फिलहाल उनकी नियुक्ति भिवानी सिटी थाना में है। वे भिवानी शहर की डीसी कॉलोनी में सपरिवार रह रहे हैं। अजीत का बेटा कमलदीप उर्फ अमित भिवानी के केएम सीनियर सेकंडरी स्कूल का दस जमा दो कक्षा का छात्र था।
कमलदीप शुक्रवार को भिवानी में रहने वाले अपने दो दोस्तों आशीष और दीपक के साथ हिसार आया था। वे तीनों यहां फिल्म देखने के बाद दोपहर करीब दो बजे मोटरसाइकिल पर वापस भिवानी जा रहे थे। मोटरसाइकिल कमलदीप चला रहा था। मय्यड़ से थोड़ा पहले सामने से आ रहे एक ट्रैक्टर ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।
हादसे में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने उन्हें एक निजी अस्पताल में पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने कमलदीप को मृत घोषित कर दिया। कैंट चौकी के एएसआई डोगर सिंह की टीम ने सूचना मिलने पर शव कब्जे में ले लिया।
सूचना मिलने पर विधायक सरोज मोर, उनके पति एएसपी राज सिंह मोर और काफी लोग सिविल अस्पताल में पहुंच गए थे। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। सदर थाना पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का केस दर्ज कर लिया है।










