दरोगा की बीवी से मिले नकली नोट
हिसार. चार दिन के भीतर शहर में नकली नोटों के कारोबार का एक और खुलासा हुआ है। राजस्थान की भादरा पुलिस ने नारनौंद के गांव डाटा निवासी सुनीता देवी व उसके बेटे दीपक को भादरा में हजारों रुपए के नकली नोटों के साथ गिरफ्तार किया है। सुनीता का पति चंद्रभान फतेहाबाद पुलिस में सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) है और वायरलैस ऑपरेटर के पद पर कार्यरत है।
मां-बेटे की गिरफ्तारी के बाद राजस्थान पुलिस ने गुरुवार को देर रात को सेक्टर 16-17 में छापा मारा और प्रापर्टी डीलर कृष्ण को गिरफ्तार करके साथ ले गई। भादरा थाना इंचार्ज नंदराम भादू ने बताया कि पुलिस ने कृष्ण के कब्जे से 2 लाख 18 हजार रुपए की नकदी बरामद की। इसके अलावा नकली नोटों की बिना प्रिटिंड 13 गड्डियां, एक प्रिंटर और सीपीयू बरामद किया है। तीनों से राजस्थान पुलिस पूछताछ जारी है।
सेक्टर 16-17 में छपते थे नकली नोट
सिविल लाइन थाना से समीप सेक्टर 16-17 में नकली नोटों को छापने का गोरखधंधा चलता था, लेकिन हिसार पुलिस को भनक तक नहीं थी। यह खुलासा राजस्थान पुलिस की गिरफ्त में आई हरियाण पुलिस के एएसआई चंद्रभान की पत्नी सुनीता और पुत्र दीपक की गिरफ्तारी से हुआ।
मां-बेटे की गिरफ्तारी के बाद गांव डाटा के कृष्ण का नाम सामने आया, जो सेक्टर 16-17 में किराए पर रहता था। प्रोपर्टी डीलिंग का करने वाले कृष्ण पर मां-बेटे ने नकली नोट देने का आरोप लगाया है। भादरा पुलिस ने गुरुवार को देर रात सेक्टर में छापा मारकर कृष्ण को गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से नकली नोट तैयार करने का सामान बरामद किया।
भादरा थाना के एसएचओ नंदराम भादू ने मामले के खुलासे पर प्रकाश डालते हुए बताया कि बीते रोज भादरा के बाजार में सुनीता और उसका बेटा दीपक एक-एक हजार रुपए के नकली नोट के सहारे खरीदारी कर रहे थे। वे बीस-तीस रुपए का सामान खरीदते और एक हजार का नकली नोट थमाकर असली नोट बटोर रहे थे।
दुकानदारों ने शक के आधार पर थाने में सूचना भेजी तो पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया। जांच-पड़ताल के दौरान मां-बेटे के कब्जे से एक हजार रुपए के 14 नकलीर नोट बरामद हुए। ये दोनों तब तक पांच-छह नकली नोट बाजार में चला चुके थे। पूछताछ के दौरान दोनों ने बताया कि वे हिसार के सेक्टर-16-17 निवासी कृष्ण से नोट लाए थे।
इस आधार पर पुलिस ने सेक्टर में छापा मारकर कृष्ण को गिरफ्तार कर लिया। उसकी कोठी से 2 लाख 18 हजार रुपए की असली करंसी मिली। इसके अलावा एक हजार नोट के साइज के सफेद कागज की 13 गड्डियां मिली। पुलिस ने मौके से एक प्रिंट्रर और सीपीयू सहित कुछ अन्य सामान बरामद किया, जिनका प्रयोग नकली नोट तैयार करने में होता था।
परतें अभी उतरना बाकी
भादरा एसएचओ भादू का कहना है कि इस मामले की परते अभी उतरना बाकी है। चूंकि तीनों गिरफ्तार व्यक्ति एक गांव से संबंधित है, इसलिए पुलिस उनके बीच रिश्तों के अलावा उनके नेटवर्क को तलाशने में जुटी है। हिसार पुलिस के सहयोग से मामले की तह तक जाया जाएगा। इसमें कोई बड़ा खुलासा होने की उम्मीद है। दूसरी तरफ मामले के जांच अधिकारी लालसिंह हवलदार का कहना है कि कृष्ण हिसार में कब से नकली नोटों का कारोबार चला रहा था, इसका पता लगाने के लिए पूछताछ जारी है।
चार साल पहले भी छपते थे नकली नोट
सेक्टर 16-17 में नकली नोट तैयार करने का यह पहला मामला नहीं है। चार साल पहले भी ऐसे ही एक केस का खुलासा हुआ था। मूल रूप से दिल्ली के कुछ लोगों ने सेक्टर में 67 नंबर कोठी को किराए पर ले रखा था। वहां बाकायदा डार्क रूम बना था, जहां नकली नोटों को प्रिंट किया जाता था।
खुफिया एजेंसियां सक्रिय
चार दिन के भीतर नकली नोटों के दो गैंग के खुलासे से खुफिया एजेंसियां सक्रिय हो गई है। यह केवल हिसार पुलिस की विफलता नहीं बल्कि खुफिया एजेंसियों की भी विफलता उजागर करती है। सिविल लाइन थाना इंचार्ज सूरज चावला का कहना है कि नकली नोटों के सिलसिले में राजस्थान पुलिस ने सेक्टर 16-17 में छापा मारा था।
पूरा मामला क्या था, उन्हें जानकारी नहीं। यहां उल्लेखनीय है कि मंगलवार को नागोरी गेट के समीप एक ज्वैलरी शॉप से पुलिस ने सैनियान मोहल्ला निवासी मुकेश और न्यू माडल टाउन निवासी उषा को करीब चालीस हजार रुपए के नकली नोटों के साथ गिरफ्तार किया था।
नकली नोट रखने के आरोपी का रिमांड बढ़ा
पुलिस ने नकली नोट रखने के आरोपी सैनियान मोहल्ला के मुकेश को दो दिन का पुलिस रिमांड खत्म होने के बाद शुक्रवार को सीजेएम आरपी गोयल की अदालत में पेश किया। जहां से उसे पुन: एक दिन के रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस ने अदालत को दलील देते हुए कहा कि आरोपी ने पूछताछ में बताया है कि उसने जाली करंसी के 3500 रुपए सालासर में छिपा रखे हैं।
इसलिए उसका तीन दिन का पुलिस रिमांड और दिया जाए। अदालत ने पुलिस की दलील सुनने के बाद उसका एक दिन का पुलिस रिमांड मंजूर कर लिया। पुलिस ने रिमांड के दौरान गुरुवार को उससे 2000 रुपए के नकली नोट भी बरामद किए थे।










