क्या पानी से चलते हैं प्रत्याशियों के वाहन
उदयपुर. नगर परिषद चुनाव में सभापति व पार्षद पद के प्रत्याशी प्रचार के लिए जो वाहन उपयोग में ले रहे हैं, उनके चुनावी खर्च को देखकर लगता है कि वे पानी से चल रहे हैं। क्योंकि, वाहनों के नाम पर किया गया जो खर्च उजागर हुआ है, वह पानी पर होने वाले खर्च से भी कम है। हालांकि अब तक सभापति के एक प्रत्याशी सहित 13 पाषर्द प्रत्याशियों ने ही निर्वाचन विभाग को प्रतिदिन होने वाले चुनावी खर्च का लेखा—जोखा प्रस्तुत किया है।
रजनी ने प्रस्तुत किया चुनावी खर्च
सभापति पद के प्रत्याशियों में भाजपा की रजनी डांगी ने 18 नवंबर तक अपने चुनावी खर्च का लेखा—जोखा प्रस्तुत किया है। रजनी ने वाहनों पर एक हजार 50 रुपए खर्च बताया है, वहीं पोस्टर व बैनर पर 17 हजार 538 रुपए का खर्च होना जाहिर किया है। कांग्रेसी प्रत्याशी नीलिमा सुखाड़िया और अन्य किसी निर्दलीय ने चुनाव खर्च का लेखा—जोखा पेश नहीं किया है।
पाषर्दों का वाहन खर्च
वार्ड दो के निर्दलीय प्रत्याशी बद्री परिहार ने 15 नवंबर तक दो सौ रुपए, वार्ड छह की निर्दलीय प्रत्याशी इंद्रा वर्मा ने 16 नवंबर तक ढाई सौ रुपए, इसी वार्ड की निर्दलीय प्रत्याशी रीना नकवाल ने 18 नवंबर तक 100 रुपए, वार्ड सात के निर्दलीय प्रत्याशी नरेश कुमार ने 18 नवंबर तक 500 रुपए खर्च बताया है।
इसी प्रकार वार्ड 19 के सपा प्रत्याशी घनश्याम जायसवाल ने 17 नवंबर तक 300, वार्ड 23 की कांग्रेसी प्रत्याशी भारती बाबरवाल ने 18 नवंबर तक 1000 रुपए, वार्ड 29 की सपा प्रत्याशी सावित्रीदेवी ने 17 नवंबर तक 300 रुपए, वार्ड 33 के भाजपा प्रत्याशी अशोक सालवी ने 17 नवंबर तक 180 रुपए, वार्ड 34 की निर्दलीय प्रत्याशी लविका जारोली ने 17 नवंबर तक 130 रुपए, वार्ड 40 की कांग्रेसी प्रत्याशी अंकिता वैश्य ने 17 नवंबर तक 650 रुपए और भाजपा प्रत्याशी वंदना पोरवाल ने 18 नवंबर तक 1000 रुपए खर्च बताया है।
वार्ड 47 के भाजपा प्रत्याशी जयेश कुमार ने 18 नवंबर तक 550, और वार्ड 50 के भाजपा प्रत्याशी पारस सिंघवी ने 18 नवंबर तक वाहन पर 400 रुपए खर्च होना बताया है।
पार्षदों का बैनर, पोस्टर खर्च
वार्ड दो के निर्दलीय प्रत्याशी बद्र परिहार ने 2250 रुपए, वार्ड चार के निर्दलीय प्रत्याशी मुजिबुद्दीन खान ने 2895, वार्ड पांच की कांग्रेसी प्रत्याशी सारिकासिंह ने 1200, वार्ड सात के निर्दलीय प्रत्याशी नरेश कुमार ने 1040, वार्ड 14 के निर्दलीय प्रत्याशी किशन सालवी ने 198, वार्ड 19 के सपा प्रत्याशी घनश्याम जायसवाल ने 850, वार्ड 22 की निर्दलीय प्रत्याशी यशवंता मेनारिया ने 600, वार्ड 29 की सपा प्रत्याशी सावित्रीदेवी ने 2150, वार्ड 33 के बसपा प्रत्याशी अजरुन तरवाड़ी ने 1000 और इसी वार्ड के भाजपा प्रत्याशी अशोक सालवी ने 5280 रुपए खर्च बताए हैं। इसी प्रकार वार्ड 34 की निर्दलीय प्रत्याशी लविका जारोली ने 5800, वार्ड 40 की अंकिता वैश्य ने 665, वार्ड 42 की कांग्रेसी प्रत्याशी संतोष भटनागर ने 1600 रुपए खर्च बताए हैं।
इनका कहना है..
ञ्चसभापति व पार्षद पद के लिए विभिन्न पार्टियों व निर्दलीय रूप से चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों को 24 नवंबर शाम 4:00 बजे तक कमरा नंबर 106 में चुनावी खर्च का लेखा—जोखा प्रस्तुत करना होगा।
एमएल चौहान, एडीएम सिटी










