60 रुपए के चैक से 2 लाख पार!
जबलपुर. घटनाक्रम यह है कि बड़ा फुहारा मछरहाई निवासी टैक्सटाइन व्यापारी नरेन्द्र जैन के प्रतिष्ठान में एक युवक पहुंचा। उसने खुद को मैगी कम्पनी का सेल्समैन बताया और श्री जैन को जानकारी दी कि कम्पनी द्वारा एक विशेष योजना के तहत कम्पनी के 180 रुपए कीमत के उत्पादों का पैक मात्र 60 रुपए दिया जा रहा है। शर्त यह है कि राशि का भुगतान कम्पनी को चैक के माध्यम करना होगा।
सेल्समैन की बातें इतनी लच्छेदार थीं कि श्री जैन उसके झांसे में आ गए। उन्होंने आंध्रा बैंक, सुपर मार्केट शाखा में स्थित अपनी पत्नी सुनीता व भाई सतीश के संयुक्त खाते का 60 रुपए का चैक उस युवक को दे दिया, तब श्री जैन के पैरों तले जमीन सरक गई, जब वे बैंक पहुंचे और उन्हें पता चला कि उनकी पत्नी के संयुक्त खाते से साठ रुपए नहीं, बल्कि 1 लाख 97 हजार रुपए निकाले जा चुके हैं। श्री जैन ने इस मामले की शिकायत लार्डगंज थाने में दर्ज कराई है।
बच गया एक व्यापारी
बताया गया है कि वही चालबाज युवक बड़ा फुहारा क्षेत्र में ही वस्त्र व्यवसायी विमल जैन से भी साठ रुपए का सामान देकर उसी अंदाज में चैक ले गया। विमल की किस्मत अच्छी थी, वह उनके खाते में ज्यादा रुपए नहीं थे और वे जालसाज के फंदे से बच गए।
ऐसा हुआ खेल
पुलिस द्वारा की गई प्रारंभिक जांच में यह तथ्य सामने आए हैं कि जालसाज ने श्री जैन द्वारा दिए गए साठ रुपए के चैक में बने हस्ताक्षरों से मिलते-जुलते हस्ताक्षर बनाकर अथॉरिटी लैटर तैयार किया, उसके आधार पर उसने आंध्रा बैंक की शाखा से चैक बुक जारी करा ली। बाद में उसने खुद 1 लाख 97 हजार रुपए का चैक काटा और उसमें साठ रुपए के चैक से मिलते-जुलते जाली हस्ताक्षर कर लिए।
इसी चैक के आधार पर उसने आंध्रा बैंक की सुपर मार्केट स्थित शाखा से एक लाख 97 हजार रुपए जारी करा लिए और लापता हो गया। जालसाज ने विमल जैन द्वारा दिए गए इलाहाबाद बैंक की एक शाखा के चैक से भी कुछ इसी तरह का खेल किया, लेकिन खाते में उतनी रकम न होने के कारण राशि आहरित नहीं हो पाई।
कॉलोनी, मोहल्लों में फेरा
नामी कम्पनियों के नाम के उत्पाद बेचने वालों का फेरा कॉलोनी, मोहल्लों में भी लगता है। वहां भी लोगों को झांसा देकर उत्पाद बेचने का खेल चलता है। इस बात से इनकार नहीं किया जा सकता कि जालसाजों ने कॉलोनी मोहल्लों में भी इसी तरह कई लोगों अपना शिकार बनाया हो।
हम कुछ नहीं कहते
पीड़ित पक्ष नरेन्द्र जैन की ओर से मामले की शिकायत लार्डगंज थाने में की गई है, इस मामले मंे हम कुछ नहीं कह सकते। - रमेश रामटेके, मैनेजर, आंध्रा बैंक, सुपर मार्केट शाखा
मामले की जांच जारी
सुनीता जैन की ओर से घटना की शिकायत दर्ज कराई गई है, उस आधार पर छानबीन जारी है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि राशि जारी करने में बैंक की लापरवाही है या नहीं। - हरिओम शर्मा, थाना प्रभारी, लार्डगंज










