एशेज ट्राफी स्वदेश लाना लक्ष्य: हसी
मेलबोर्न. आस्ट्रेलिया के मध्यक्रम के धुरंधर बल्लेबाज माइकल हसी ने कहा है कि उनका मुख्य लक्ष्य अगले वर्ष एशेज ट्राफी को स्वदेश लाना है। वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट की तैयारियों में व्यस्त हसी ने कहा कि इस वर्ष इंग्लैंड के हाथों एशेज हारना काफी कचोटने वाला रहा।
उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य अगले साल घरेलू जमीन पर होने वाले एशेज सीरीज तक खेलना है। टेस्ट टीम में जगह बनाने के लिए जद्दोजहद कर रहे हसी ने कहा कि टेस्ट को अलविदा कहने से पहले उनकी ख्वाहिश एशेज सीरीज पर एक बार फिर से कब्जा जमाने की है। उन्होंने कहा मैं अगले वर्ष अपनी जमीन पर एशेज में खेलना चाहूंगा।
मैं अपनी टीम के लिए ज्यादा से ज्यादा रन बनाने की कोशिश करूंगा ताकि हम जीत सके। उन्होंने कहा इस वर्ष इंग्लैंड के हाथों एशेज सीरीज में मिली हार ने हमें इस ट्राफी पर एक बार फिर से कब्जा करने के लिए प्रेरित किया है।
इसलिए बिना इस लक्ष्य को पूरा किया मैं टेस्ट को अलविदा नहीं कहने वाला हूं। इंग्लैंड में खेली गई एशेज सीरीज में हसी ने 34.50 के औसत से रन बनाए थे। लेकिन उसके बाद उन्होंने इंग्लैंड, दक्षिण अफ्रीका और भारत के खिलाफ वनडे सीरीज में ढेर सारे रन बटोरे थे। हसी ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि कप्तान रिकी पोंटिंग से मिले समर्थन के बाद वह आस्ट्रेलियाई टेस्ट टीम में अपनी जगह बनाने में कामयाब रहेंगे।
उन्होंने कहा मैंने पोंटिंग के कुछ बयान पढ़े हैं। वह हमेशा मेरे समर्थक रहे हैं और इन बयानों से ऐसा लगता है कि वह मेरा एक बार फिर समर्थन कर रहे हैं। यही वजह है कि मैं टीम में लौटने को लेकर आश्वस्त हूं।
हसी ने कहा हालांकि मैं एक चीज साफ कर देना चाहता हूं कि मैं जबतक टीम में शामिल नहीं हो जाऊं कुछ भी पक्का नहीं है। लेकिन अंतिम १२ खिलाड़ियों में चुने से जाने से मैं काफी खुश हूं। अगर मुझे टेस्ट में खेलने का मौका मिले तो मैं ढेर सारे रन बनाना चाहूंगा।










