ऐसी सपाट पिच पर आप कैसे जीत सकते हैं?
अहमदाबाद. श्रीलंका के कप्तान कुमार संगकारा ने भारत के खिलाफ पहला टेस्ट ड्रा होने की भड़ास मोटेरा की सपाट पिच पर निकालते हुए कहा कि ऐसी सपाट पिच पर आप भला मैच कैसे जीत सकते हैं।
मैच समाप्त होने के बाद संगकारा ने कहा अगर आप एक बल्लेबाज हैं तो इस पिच को आप पसंद करेंगे। मुझे नहीं लगता कि किसी को इस विकेट से कोई उम्मीद भी होगी।
पिछली बार दक्षिण अफ्रीका ने यहां की तेज गेंदबाजों की मददगार पिच पर शानदार प्रदर्शन किया था। हालांकि हमारे पास भी शानदार मौका था जब हमने भारत की पहली पारी में 32 रन पर उसके चार विकेट आउट कर दिए थे। लेकिन बाद में हमने यह मौका गंवा दिया।
उन्होंने कहा लेकिन इस मैच में हमारे कुछ खिलाड़ियों ने बेजोड़ प्रदर्शन किया है और हम उससे विश्वास लेते हुए दूसरे टेस्ट में उतरेंगे। इस मैच में हमने अच्छा प्रदर्शन किया है और हमारे लिए यह एक बेहतर अनुभव रहा। अपने तेज गेंदबाज चनाका वेलेगेदरा के प्रदर्शन पर संगकारा ने कहा मैच शुरू होने से कुछ मिनट पहले वेलेगेदरा को अंतिम एकादश में शामिल किया गया था।
लेकिन उसके बाद उन्होंने जो प्रदर्शन किया वह शानदार रहा। वह पिछले कुछ समय से क्रिकेट से दूर थे लेकिन इस मैच में शानदार गेंदबाजी कर रहे थे। अभी उन्हें काफी रास्ता तय करना है। हालांकि संगकारा अपने स्पिनरों मुथैया मुरलीधरन और रंगना हेरात के प्रदर्शन से खुश नहीं दिखे।
उन्होंने कहा हमारे स्पिनर कुछ ज्यादा नहीं कर सके। लेकिन मुरली की तुलना में हेरात ने अच्छी गेंदबाजी की। इस पिच पर दोनों ही टीमों के स्पिनर प्रभावहीन रहे। हां तेज गेंदबाजों ने कुछ अच्छा प्रदर्शन जरूर किया और उन्होंने अतिरिक्त प्रयास कर टीम के लिए विकेट निकाले।
तिलकरत्ने दिलशान जख्मी
अहमदाबाद. पहले क्रिकेट टेस्ट में ड्रॉ के लिए मजबूर हुई श्रीलंकाई टीम को ओपनर तिलकरत्ने दिलशान और पेसर धम्मिका प्रसाद के चोटिल होने से दोहरा झटका लगा है।
मेहमान टीम के ओपनर दिलशान को शुक्रवार को मैच के बाद नेट प्रैक्टिस के दौरान नाक में चोट लग गई। उनका गांधीनगर अपोलो में एक्स-रे व सिटी-स्कैन कराया गया। अस्पताल के मेडिकल डायरेक्टर डॉ. मंजुल जोशीपुरा ने बताया कि लंकाई क्रिकेटर को छुट्टी दे दी गई है।
उनकी चोट गंभीर नहीं है और वे दूसरे टेस्ट में खेल सकते हैं।हालांकि, इसके लिए उन्हें दो-तीन दिन एहतियात बरतना होगा। उल्लेखनीय है कि दिलशान को मैच के पहले दिन भी हाथ में चोट लगी थी और उन्हें मैच छोड़कर अस्पताल जाना पड़ा था। हालांकि, जांच रिपोर्ट नॉर्मल होने पर उन्होंने न सिर्फ मैच खेला, बल्कि शतक भी लगाया।
उधर, तेज गेंदबाज धम्मिका प्रसाद का अगले टेस्ट में खेलना संदिग्ध बताया जा रहा है। उनकी मांसपेशियों में खिंचाव है और मैच के आखिरी दिन वे सिर्फ 4 ओवर गेंदबाजी कर सके थे।










