अहमदाबाद. चाहे भले ही लोग यह कहते हों कि क्रिकेटर हीरोइनों के पीछे भागते हैं लेकिन वास्तविकता तो यह है कि हीरोइनें हमारे पीछे भागती हैं। मोटेरा टेस्ट के दौरान ड्रेसिंग रूम में बैठकर मैच देख रहे तेज गेंदबाज श्रीसंथ ने कहा कि मैं केरल से हूं और मुझे नृत्य का अधिक शौक है।
हम अभिनेत्रियों के साथ मात्र विज्ञापनों में काम करते हैं। इतना ही उनके साथ संबंध है। सत्य तो यह है कि अभिनेत्रियां हमारे साथ दोस्ती करने के लिए आतुर रहती हैं।
मौके का खूब फायदा उठाएंगे
अनुभवी तेज गेंदबाज दिलहारा फर्नाडो को तुषारा के चोटग्रस्त होकर स्वदेश लौटने के कारण श्रीलंका टीम में शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि भारत दौरे के लिए पहले चयन नहीं किए जाने पर थोड़ी निराशा हुई थी लेकिन अचानक मौका मिलने से खुशी हुई है।
फर्नाडो ने बताया कि सीरीज के अन्य दो टेस्ट मैचों के दौरान अच्छा प्रदर्शन कर टीम में अपना स्थान बनाने के लिए कोशिश करेंगे। श्रीलंकाई गेंदबाज दिलहारा ने मैच के अंतिम दिन शुक्रवार की सुबह और दोपहर के लंच के समय भी दूसरे टेस्ट के लिए कठिन अभ्यास किया।
द्रविड़ ने दोनों टीमों में अंतर दिखाया
श्रीलंकाई खिलाड़ी महेला जयवर्धने के साथ साझीदारी का 72 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ने वाले प्रसन्ना जयवर्धने ने बताया कि टेस्ट के शुरुआती दिनों में भारत ने विकेट खो दिए थे जबकि राहुल द्रविड़ ने रुककर बल्लेबाजी की और मेजवान टीम की पारी को संभाल दिया। उनके शतक ने दोनों टीमों के बीच अंतर खड़ा कर दिया था।
पहले टेस्ट में हमारा पलड़ा भारी था लेकिन दूसरी पारी में वीरेंद्र सहवाग के आउट होने के बाद द्रविड़ ने फिर से बेहतरीन पारी खेलकर हमारी मुश्किलों को बढ़ा दिए थे। मुझे आशा है कि शेष दो मैचों में भी वे अच्छी पारी खेलेंगे। नए खिलाड़ियों को राहुल द्रविड़ और सचिन की बल्लेबाजी से सीख लेनी चाहिए।










