शाहरुख और आमिर की राह पर सलमान
मुंबई. शाहरुख और आमिर खान की तर्ज पर अब सलमान खान भी फिल्म निर्माण के क्षेत्र में उतरने जा रहे हैं। सुनने में आया है कि सलमान अपने पारिवारिक सोहेल खान प्रोडक्शंस में सक्रिय भूमिका निभाने का मन बना चुके हैं। सोहेल खान प्रोडक्शंस की हाल ही में प्रदर्शित कुछ फिल्मों की असफलता को देखते हुए ही सलमान ने यह कदम उठाया है।
विश्वसनीय सूत्रों के मुताबिक सलमान ने यह निर्णय ‘मैं और मिसेज खन्ना’ की असफलता के बाद लिया है, जो दिवाली पर रिलीज होने के बावजूद डूब गई। सोहेल द्वारा इसके प्रमोशन और रिलीज के लिए जिस तरह की योजनाएं बनाई गईं, उससे सलमान नाखुश थे। इसी वजह से वह कंपनी के प्रोजेक्ट्स और इसके महत्वपूर्ण निर्णयों में अपनी तरफ से और ज्यादा जुड़ना चाहते हैं। गौरतलब है कि इसके पहले सोहेल प्रोडक्शन की फिल्म ‘किसान’ भी बॉक्स ऑफिस पर कोई कमाल नहीं दिखा सकी थी।
इंडस्ट्री से जुड़े सूत्रों का कहना है कि इस कंपनी के लिए यह साल अच्छा नहीं रहा है। सलमान पिछले दो दशक से बॉलीवुड के सुपरस्टार हैं और उन्हें इस इंडस्ट्री की काफी जानकारी है, जिसके जरिए वह अपने इस प्रोडक्शन हाउस को उबारने में मदद कर सकते हैं। यदि सलमान औपचारिक तौर पर सोहेल खान प्रोडक्शंस के मुखिया बन जाते हैं तो वे भी शाहरुख और आमिर की तरह बॉलीवुड के निर्माताओं की बैठक में हिस्सा लेंगे। इंडस्ट्री में सलमान ने काफी मित्र बनाए हैं और यदि वह कंपनी का जिम्मा संभालते हैं तो इसका मतलब है कि इसके साथ इंडस्ट्री के और भी लोग जुड़नाचाहेंगे। संभवत: सलमान यह भी जताना चाहते हैं कि यदि शाहरुख और आमिर अपना प्रोडक्शन हाउस चला सकते हैं, तो वे क्यों नहीं चला सकते।










