गंभीर की अनोखी हैट्रिक
नई दिल्ली. बाएं हाथ के दिग्गज ओपनर गौतम गंभीर ने लगातार तीन टेस्टों में दूसरी पारी में शतक बनाने की अद्भुत हैट्रिक करने का कमाल कर दिखाया है। दिल्ली के गंभीर ने आज अहमदाबाद में श्रीलंका के खिलाफ ड्रा समाप्त हुए पहले क्रिकेट टेस्ट में भारत की दूसरी पारी में मैच बचाने वाली 114 रन की पारी खेलकर यह उपलब्धि हासिल की।
गंभीर के कैरियर का यह सातवां शतक है और उनके आखिरी तीन शतक तो मौजूदा साल में ही बने हैं। अन्तरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद आईसीसी के टेस्ट प्लेयर आफ द ईयर गंभीर ने इससे पहले मार्च-अप्रैल में न्यूजीलैंड के दौरे में खेले गए दो टेस्टों की दूसरी पारी में शतक बनाए थे।
वामहस्त बल्लेबाज गंभीर ने मार्च में नेपियर में पहले टेस्ट में 16 और 137 तथा वे¨लगटन में दूसरे टेस्ट में 23 और 167 रन बनाए थे। अहमदाबाद में पहले टेस्ट में उन्होंने एक और 114 रन बनाए। गंभीर के अब 26 टेस्टों में 54.22 के औसत से 2386 रन हो गए हैं जिनमें सात शतक और 10 अर्धशतक शामिल है।










