ब्लेयर हाउस में नहीं ठहरेंगे मनमोहन
वाशिंगटन। अपनी चार दिवसीय अमेरिका यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ऐतिहासिक ब्लेयर हाउस में नहीं ठहरेंगे। ब्लेयर हाउस अमेरिकी राष्ट्रपति का आधिकारिक अतिथि गृह है, जहां सभी राजकीय अतिथि रुकते हैं।
ब्लेयर हाउस के बजाय मनमोहन व्हाइट हाउस से तीन ब्लॉक दूर विलार्ड इंटरनेशनल होटल में रुकेंगे। सूत्रों के मुताबिक यह फैसला भारत के निवेदन पर लिया गया है। प्रधानमंत्री की अमेरिका यात्रा कल से शुरू होने जा रही है।
सूत्रों ने बताया कि ऐसा इसलिए किया गया है क्योंकि ब्लेयर हाउस में सुरक्षा के नियम बहुत कड़े हैं और ऐसे में प्रधानमंत्री के साथ आने वाले अधिकारियों को असुविधा हो सकती है।
जानकार सूत्रों का कहना है कि इस फैसले को किसी और तरह से नहीं देखा जाना चाहिए। इसके पहले मनमोहन 2005 में भी ब्लेयर हाउस में ही रुके थे, जब वह तत्कालीन राष्ट्रपति जॉर्ज डब्ल्यू बुश के राजकीय अतिथि के तौर पर अमेरिका गए थे।
मनमोहन ओबामा के पहले राजकीय अतिथि हैं। ब्लेयर हाउस की अतिथि पुस्तक में पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरु और उनकी बेटी इंदिरा गांधी के भी दस्तखत हैं, जो 19 दिसंबर, 1956 को किए गए हैं।










