नक्सलियों ने ट्रेन दुर्घटना पर अफसोस जताया
जमशेदपुर। प्रतिबंधित नक्सली संगठन भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा-माओवादी) ने दो दिन पूर्व आयोजित अपने बंद के दौरान झारखंड के पश्चिमी सिंहभूमि जिले में पोसैता के निकट मुंबई-हावडा रेल मार्ग की पटरी को उड़ाने के कारण टाटा.बिलासपुर पैसेंजर के दुर्घटनाग्रस्त होने की घटना पर अफसोस जताते हुए कहा है कि संगठन के नए सदस्यों की गलती के कारण यह हादसा हुआ।
इस हादसे में टाटा से बिलासपुर जा रही गाड़ी के आठ डिब्बे पटरी से उतर गए थे जिससे एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई और 25 लोग घायल हो गए।
संगठन के दक्षिणी छोटानागपुर जोनल कमेटी के सचिव समरजी ने कहा है कि नक्सलियों की केवल रेल ट्रैक उड़ाने की ही योजना थी पर संगठन के नए सदस्यों की गलती से रेलगाड़ी इसकी चपेट में आ गई। एक स्थानीय पत्न को दिये अपने बयान में उन्होंने इस बात से भी परोक्ष रूप से इंकार किया कि ट्रेन में चुनाव ड्यूटी करने वाले सुरक्षाकर्मियों के होने की संभावना से इसे चपेट में लिया गया था।










