भारत 2050 तक बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में
वॉशिंगटन. भारतीय अर्थव्यवस्था वर्ष 2050 तक दुनिया की सबसे बड़ी तीन अर्थव्यवस्थाओं में से एक होगी। इस दौरान भारत का सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) मौजूदा 1.1 लाख करोड़ डॉलर से 16 गुना बढ़कर 18.8 लाख करोड़ डॉलर पहुंचने का अनुमान है।
ग्लोबल थिंक टैंक कारनेगी एंडोमेंट फॉर इंटरनेशनल पीस की ‘2050 में जी-20’ रिपोर्ट में शनिवार को यह अध्ययन प्रकाशित किया गया है। इस रिपोर्ट के अनुसार, शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में भारत के साथ अमेरिका और चीन भी शामिल होंगे। बुलेटिन ने जी-20 देशों में भारत में सबसे तेज विकास की उम्मीद जताई है। इसके मुताबिक, देश में बढ़ी रही आर्थिक गतिविधियों के कारण भारत अग्रणी देशों की श्रेणी में जल्द शामिल होगा। अध्ययन के मुताबिक क्रय शक्ति समानता (पीपीपी) के आधार पर 2050 में भारतीय अर्थव्यवस्था, अमेरिकी अर्थव्यवस्था के 97 फीसदी के बराबर होगी।










