बस फूंकने के मामले ने पकड़ा तूल
कुरुक्षेत्र. पिहोवा में पिछले साल सड़क दुर्घटना के बाद गुस्साई भीड़ द्वारा बस फूंकने का मामला तूल पकड़ गया है। ग्रामीणों ने इस मामले में गांव के एक युवक को झूठा फंसाने का आरोप लगाया है। गांव वासियों का कहना है कि उक्त युवक के खिलाफ पुलिस के पास कोई सबूत नहीं है।
बावजूद इसके उसे गिरफ्तार कर लिया गया। शनिवार को करीब 150 ग्रामीणों ने एसपी केवी रमणा को ज्ञापन सौंप कर इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। बता दें कि बस फूंकने के मामले में पुलिस ने 19 नवंबर को गऊचरान वासी तीन लोगों को गिरफ्तार किया था। जग्गूराम के पुत्र जीतपाल भी इसमें शामिल है।
जग्गूराम, सिंदरपाल, मक्खनलाल, भजनलाल, सूरज, अबूराम, मीठाराम, करतारचंद, हंसराज, ताराचंद , बलबीर कौर, रानी, चरणो, तारोरानी व अमरजीत आदि ने कहा कि जीतपाल का प्रथम सूचना रिपोर्ट में कहीं जिक्र नहीं था।
ना ही कोई चश्मदीद गवाह ने उसका नाम लिया, बावजूद इसके एक साल बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। ग्रामीणों ने एसपी से मांग की कि इस मामले की उच्च अधिकारी से जांच कराई जाए। एसपी रमणा ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि मामले की निष्पक्ष जांच होगी।










