व्यापारी ने दी आत्महत्या की धमकी
कुरुक्षेत्र. अपहरण मामले में पुलिस कार्रवाई से नाखुश अर्बन एस्टेट वासी व्यापारी ने आत्महत्या की चेतावनी दी है। शनिवार शाम को पत्रकारों से बातचीत में अर्बन एस्टेट वासी अवानी मंगला ने कहा कि पुलिस इस मामले में ढील बरत रही है। अभी तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया। ना ही इस मामले की संतोषजनक जांच हो रही है।
बता दें कि अवानी मंगला कुछ दिन पहले अचानक लापता हो गया था। तीन दिन बाद उसने फगवाडा से फोन कर अपने पंजाब में होने की सूचना दी। हालांकि पुलिस ने उसकी पत्नी की शिकायत पर अपहरण का केस दर्ज कर रखा है। अवानी का कहना है कि कुछ लोगों ने रात के समय उसका अपहरण किया था और वे लोग उसे पंजाब ले गए।
जहां किसी तरह उन्हें चकमा देकर वह उनके चंगुल से छूटा। अवानी का कहना है कि यदि पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई नहीं की तो वह आत्महत्या कर लेगा। उधर एसपी केवी रमणा का कहना है कि इस मामले की जांच की जा रही है। उसकी सिक्योरिटी के लिए दो पुलिस कर्मी भी तैनात किए गए हैं।










