पाइप लाइन की सुरक्षा के निर्देश जारी
पानीपत से जालंधर जाने वाली इंडियन ऑयल की पाइप लाइन की सुरक्षा को लेकर पटियाला जिले के नाभा यूनिट को अपनी गतिविधियां तेज करने के निर्देश जारी हुए हैं।
उक्त निर्देशों के अनुसार नाभा यूनिट द्वारा जिले के विभिन्न हिस्सों में जहां से इंडियन आयल की पाइप लाइनें गुजर रही हैं, वहां के आसपास के लोगों को जागरूक किया जाएगा। इसके एवज में नाभा यूनिट संबंधित गांव के विकास कार्यों में अपना योगदान देगा। यही नहीं विकास कार्यों में विभाग द्वारा अपने बजट को खर्च कर गांवों की सुविधाओं को बेहतर बनाया जाएगा। कम्यूनिटी डेवलपमेंट प्रोजेक्ट नामक उक्त योजना के तहत विभाग की नाभा यूनिट को करीब साढ़े चार लाख रुपए बजट के रूप में मिले हैं। उक्त बजट के अनुसार 6 गांवों को स्कीम में शामिल कर, वहां पर विकास कार्य करवाए जाएंगे।
इन गांवों में विकास कार्य : विभागीय योजना के अनुसार खन्ना के नजदीकी गांव बेहड़ू में एलीमेंटरी स्कूल के विकास के लिए नाभा यूनिट पैसा खर्च करेगी। इसमें स्कूल के फर्नीचर से लेकर पीने के पानी की व्यवस्था तक बेहतर प्रबंध किए जाएंगे। इसके बाद नाभा के नजदीकी गांव बाबरपुर में सरकारी डिस्पेंसरी में मरीजों की सुविधा के लिए बेहतर प्रबंध होंगे। यही नहीं तीसरा चरण भी नाभा के एक गांव में होगा, जिसमें जरुरतमंद लोगों की उनकी सुविधा का सामान मुहैया करवाया जाएगा। विभागीय योजना के अनुसार अपंग व्यक्तियों को ट्राइसाइकिल, खस्ताहाल स्कूलों में फर्नीचर, सैनेटरी का सामान, पीने के पानी के लिए टंकी सहित अन्य स्कूली वस्तुओं की जरुरत पूरी की जाएगी। सरकारी अस्पतालों व डिस्पेंसरियों में दवाइयां, मरीजों के लिए बैड, कुर्सियों के इंतजाम किए जाएंगे। इसके अलावा विभाग द्वारा अन्य तीन गांवों में भी विकास कार्य करवाए जाएंगे। इनके नामों को लेकर अभी विभाग विचार कर रहा है। उक्त विकास कार्यों को करवाने व सामान सुपुर्द करने से पहले विभागीय अधिकारियों द्वारा एक जागरूकता कैंप लगाया जाएगा। कैंप में संबंधित गांव के पंच व सरपंच सहित सभी गांव वालों को शामिल किया जाएगा। पाइप लाइनों के प्रति लोगों को जागरुक किया जाएगा। यही नहीं पाइप लाइन के आसपास संदग्धि व्यक्ति के घूमने की सूचना देने वाले या पकड़वाने वाले को विभाग सम्मानित भी करेगा।
सरकार की योजना के अनुसार नाभा यूनिट के पास बजट आ चुका है। जिस पर काम भी शुरू कर दिया है। बेहड़ू व बाबरपुर गांव में कार्यवाही जारी है। अन्य गांवों को लेकर लिस्ट व तैयारी चल रही है। जिनके बारे में अभी कुछ नहीं कहा जा सकता है।
सुनील दास एसओएम इंडियन ऑयल नाभा यूनिट










