रोहतक के छोरे ने जोहांसबर्ग में किया नाम रोशन
रोहतक. रोहतक के खली संजीत कुमार दांगी ने जोहांसबर्ग में चल रही ‘100 पर्सेंट दे दनादन’ वल्र्ड चैंपियनशिप में रियान गेट को हराकर वल्र्ड चैंपियनशिप बेल्ट की ओर एक कदम और बढ़ा दिया है। मदीना गांव के 97 किलोग्राम भार वर्ग के खिलाड़ी संजीत इन दिनों कलर्स चैनल की ओर से आयोजित चैंपियनशिप में हिस्सा लेकर अब तक सात विदेशी पहलवानों को धूल चटा चुका है।
इस रविवार को संजीत का मुकाबला फ्रांस के 125 किलोग्राम भार वर्ग के टेरी मीड से होगा, जिसे हराने के बाद संजीत को केवल तीन पड़ाव और पार करने हैं। टेलीफोन पर हुई वार्ता के दौरान संजीत ने बताया कि इस चैंपियनशिप में भारत के 12 पहलवान शामिल हैं। इस चैंपियनशिप का खिताब अपने जमाने में भारत के मशहूर पहलवान दारा सिंह हासिल कर चुके हैं।
चैंपियनशिप में भारत के अलावा टर्की, नाइजीरिया, साउथ अफ्रीका, फ्रांस, फिनलैंड, आस्ट्रेलिया सहित अन्य कई देशों के पहलवान हिस्सा ले रहे हैं। वल्र्ड रेसलिंग फाइट के बारे में जानकारी देते हुए संजीत बताते हैं कि इस फाइट में पहलवानों पर किसी भी प्रकार का प्रतिबंध नहीं होता।
वे हाथ-पैर के अलावा डंडों व लाठियों का भी प्रयोग कर सकते हैं। कुछ पहलवान कुर्सी व मेजों से भी प्रतिद्वंद्वी पर प्रहार करने से नहीं चूकते। खतरनाक होने के साथ ही यह फाइट इंट्रेस्टिंग भी है। संजीत का कहना है कि उसे विश्वास है कि वह वल्र्ड रेसलिंग बेल्ट लेकर ही वापस लौटेगा।
चैंपियनशिप के साथ माडलिंग भी
संजीत 2005 में हंगरी के बुडापेस्ट में आयोजित सीनियर वल्र्ड रेसलिंग चैंपियनशिप के टाप टेन में शामिल हुए। उन्होंने 2006 में जोहांसबर्ग में आयोजित चैंपियनशिप में गोल्ड मैडल हासिल किया। वहीं, कलर्स चैनल द्वारा आयोजित टीवी शो में अपनी प्रतिभा दिखा चुके हैं। संजीत ने बताया कि इस सीरियल का प्रसारण रविवार रात 10 से 11 बजे तक किया जाता है।











