सहपाठी को अगवा करने में चार छात्र धरे
नई दिल्ली. दक्षिण-पूर्वी जिले के अमर कॉलोनी इलाके में चार स्कूली छात्रों ने एक सहपाठी से हुए मामूली विवाद का बदला लेने के लिए उसे कार में जबरन उठाया और फिर एकांत जगह ले जाकर बुरी तरह से पीटा। किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी जिसके बाद पीड़ित छात्र को चारों के चंगुल से मुक्त कराया गया। पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर चारों आरोपी छात्रों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार चारों आरोपी इलाके के प्रतिष्ठित स्कूलों में 11वीं कक्षा में पढ़ते हैं। इनमें से एक छात्र का अपनी क्लास के दूसरे छात्र राम (बदला हुआ नाम) से छोटी सी बात पर झगड़ा हो गया। स्कूल में बात आई-गई हो गई। उसने शाम को अपने तीन दोस्तों को एकत्र किया, जो अलग-अलग स्कूलों में पढ़ते हैं। चारों ने मिलकर राम को बुरी तरह से पीटने का प्लान बनाया।
एक अपने पिता की कार ले आया और बहाने से राम को घर से बाहर नंदा चौक के पास बुलवा लिया। जैसे ही वह कार तक पहुंचा चारों ने उसे जबरन कार में धकेला और मुंह बंद करके उसे वहां से ले गए। इस दौरान राम के किसी जानकार ने यह सब देख लिया और तुरंत उसकी मां को इस बारे में बताया। राम की मां ने पीसीआर पर कॉल कर दी। पीसीआर ने मौके पर पहुंच कर कार की तलाश शुरू की जो कुछ दूरी पर ही एक सुनसान जगह से बरामद कर ली गई। पुलिस ने राम को चारों छात्रों के चंगुल से मुक्त करा लिया। ये चारों छात्र उसे उसे बुरी तरह से पीट रहे थे।
पुलिस ने बताया कि चारों अमर कॉलोनी इलाके के ही रहने वाले हैं और अच्छे परिवार से ताल्लुक रखते हैं और ये अच्छे स्कूलों में पढ़ते हैं। चारों के खिलाफ पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर लिया है । इन चारों को अपनी गिरफ्त में लेने के बाद पुलिस ने उन्हें बाल सुधार गृह भेज दियाहै। इन सभी छात्रों की उम्र 15 से 16 वर्ष के बीच है।










