Sunday, Nov 22nd, 2009, 3:18 am [IST]  

danik bhaskarछह वर्षो में नवंबर का सबसे ठंडा शनिवार

भास्कर न्यूज

नई दिल्ली. दिल्ली में कड़ाके की ठंड ने आखिरकार दस्तक दे ही दी। शनिवार को ठंड ने वर्षों का रिकार्ड तोड़ दिया। पिछले छह वषों में शनिवार सर्वाधिक ठंडा रहा। मौसम विशेषज्ञों का पूर्वानुमान अगर सच हुआ तो रविवार को ठंड के कई और रिकार्ड टूट सकते हैं।



दरअसल मौसम विशेषज्ञों ने रविवार को पारे में और भी गिरावट की आशंका जताई है। रविवार को पारा आठ या उससे भी नीचे दर्ज किया जा सकता है। इसके अलावा हिमालय के पश्चिमी इलाकों में रविवार को बारिश एवं बर्फबारी की संभावना है। ऐसे में पछुआ हवा भी काफी ठंडी होगी। हालांकि राहत वाली बात है कि दिन के समय आसमान साफ रहने व धूप खिलने की वजह से ठंड से राहत रहेगी।



मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को दिल्ली में पारा लुढ़ककर 8.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। यह न केवल सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम है, बल्कि पिछले छह वर्षों में भी सबसे कम है। पिछले पांच वषों में 21 नवंबर को न्यूनतम तापमान 10 से 13 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान भी सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। शनिवार को अधिकतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पिछले पांच वर्षों में अधिकतम तापमान 25 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।



मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पछुआ हवा चलने की वजह से दिल्ली व एनसीआर में ठंड बढ़ गई है। पहाड़ों में बर्फबारी एवं बारिश की आशंका को देखते हुए अगले एक-दो दिन में ठंड और बढ़ सकती है।



हालांकि एक पश्चिमी विक्षोभ के भारतीय इलाकों में दस्तक देने की उम्मीद है। ऐसे में अगले 48 घंटों के बाद तापमान में बढ़ोत्तरी दर्ज हो सकती है, क्योंकि पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव उत्तर-पश्चिमी भारतीय इलाकों के ऊपर रहने की संभावना है। उधर, मौसम सर्द होने से ऊनी कपड़ों की दुकानों पर लोगों की भीड़ बढ़ने लगी है। घर से बाहर निकलने के पहले लोग ऊनी कपड़े पहनकर बाहर निकल रहे हैं।

  share
apne vichaar
post a comment
name:
email:
select your language:     Hindi Roman     Hindi Phonetic     English
comment:
code: