विधायक कविता जैन का हुआ अभिनंदन
भास्कर न्यूज. सोनीपत
शहर में सफाई व्यवस्था दुरुस्त हो, घर-घर से कूड़ा उठाने की व्यवस्था हो और शहर भर के कूड़े के लिए एक डंपिंग स्टेशन हो जहां उस कूड़े की छंटनी हो और बचे हुए कूड़े से बिजली उत्पादित हो। अपने इस सपने को वे यथासंभव पूरा कराने की कोशिश करेंगे।
यह बात सेक्टर-14 के अग्रवाल भवन में भाजपा के मीडिया प्रभारी राजीव जैन ने अपने और अपनी पत्नी विधायक कविता जैन के संयुक्त अभिनंदन समारोह में व्यक्त किए। अभिनंदन का यह आयोजन सेक्टर-15 के पार्क वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से किया गया था। उन्होंने कहा कि यदि उनका सपना साकार हुआ तो इससे जहां शहर को स्वच्छ रखा जा सकेगा, वहीं शहर को सुंदर लुक भी दिया जा सकेगा, क्योंकि आज शहर में जगह-जगह जो कूड़ा नजर आता है वह डंपिंग स्टेशन नहीं होने की वजह से है। भाजपा नेता ने कहा कि वे नगर की अन्य समस्याओं जैसे ट्रैफिक, पेयजल, सीवर और दैनिक रेल यात्रियों की समस्याओं की ओर भी गंभीर हैं। उन्होंने कहा कि शहर में इस समय सबसे बड़ी समस्या यातायात जाम होनेे की है। दिन में अनेक बार गीता भवन चौक, बस अड्डा, गोहाना रोड फाटक, पुराना रोहतक रोड, मुरथल अड्डा आदि स्थानों पर जाम लग जाता है। उन्होंने कहा कि वे शहर के चारों तरफ बाइपास बनवाने की कार्रवाई में लगे हुए हैं। विधायक कविता जैन ने कहा कि लोगों ने उन्हें लहर के विपरीत अपना सहयोग, प्यार, और आशीर्वाद देकर विजयी बनाया है। इससे वे बहुत ही अभिभूत हैं। वे इसे लोगों के विश्वास की जीत व अपने पति राजीव जैन के संघर्ष का सम्मान मानती हैं।










