स्कूल से लौट रही छात्राओं के अपहरण का प्रयास
जालंधर. अमरीक नगर में कार सवार चार युवकों ने दो छात्राओं को जबरन कार में धकेलने की कोशिश की। छात्राओं के शोर मचाने पर आरोपी मौके से कार सहित फरार हो गए।
एसएचओ सुखपाल सिंह के अनुसार गांधी नगर स्थित स्कूल में सातवीं कक्षा की अजीत नगर निवासी छात्रा सहेली के साथ घट लौट रही थी तो ईंटों के भट्ठे के पास कार सवार युवकों ने दोनों का अपहरण करने का प्रयास किया। छात्रा ने बताया कि कार में काजी मंडी निवासी चिड़ी और उसके तीन साथी थे।
एसएचओ के अनुसार चिड़ी ने दो दिन पहले भी उक्त छात्राओं से छेड़छाड़ की कोशिश की थी। पुलिस चिड़ी और उसके साथियों की तलाश में छापामारी कर रही है।
चिड़ी को बचाने के लिए पहुंची तिकड़ी : चिड़ी को बचाने के लिए थाने में अपनी पैंठ का इस्तेमाल करते तिकड़ी नजर आई, लेकिन लोगों के तीखे तेवर देख उनकी दाल न गली। सूत्र बताते हैं कि चिड़ी भी काजी मंडी में अवैध कारोबार में भूमिका को लेकर चर्चा में रहा है।










