Sunday, Nov 22nd, 2009, 4:49 am [IST]  

danik bhaskarदुकानें डूमरतराई में

Bhaskar Correspondent

sडूमरतराई में हाउसिंग बोर्ड और नगर निगम की दुकानों का आवंटन थोक दुकानदारों को किया जाना है। शनिवार को दोपहर थोक बाजार एसोसिएशन के सौ से ज्यादा पदाधिकारियों ने मौके का मुआयना किया कर यह स्पष्ट कर दिया है।



एक हजार वर्गफीट एरिया में दोमंजिला दुकानें खड़ी की जानी हैं, जिनका रेट 18 से 20 लाख रुपए निर्धारित किया गया है। केवल छह सौ दुकानें तैयार करने का टारगेट है। वहां अनाज और किराना की उन थोक दुकानों को शिफ्ट करने का प्लान है जो या तो यातायात में बाधक हैं या जो वहां जाने के इच्छुक हों।



छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कामर्स के अध्यक्ष श्रीचंद सुंदरानी और महासचिव देवेंद्र अग्रवाल ने बताया कि निरीक्षण करने वाले व्यापारियों को लोकेशन बहुत पसंद आई है। व्यापारियों का भी मानना है कि डूमरतराई हाईवे पर होने की वजह से थोक मार्केट प्रभावित नहीं होगा। बुनियादी सुविधाओं को लेकर भी कहीं कोई विवाद की स्थिति नहीं है। ज्यादातर व्यापारी सर्व-सुविधायुक्त थोक बाजार शिफ्टिंग पर सहमत हैं।



निरीक्षण के बाद छोटी दिक्कतों को लेकर भी मंथन कर लिया जाएगा। चुनाव आचार संहिता खत्म होने के बाद जिला प्रशासन के साथ एक बैठक करके उन्हें भी दूर करने का प्रयास किया जाएगा। कारोबारी उम्मीद कर रहे हैं, डेढ़ दो साल के भीतर मार्केट शिफ्ट हो जाएगा। धमतरी रोड पर प्रस्तावित मार्केट का बेहतर लोकेशन देखते हुए फुटकर व्यापारी भी वहां कम रेट पर जगह की मांग कर रहे थे।



वहां उनके लिए भी छोटी दुकानें बनाने पर जोर दिया जा रहा था, लेकिन जिला प्रशासन के प्लान के मुताबिक प्रथम चरण में थोक मार्केट के लिए जी प्लस टू श्रेणी की दुकानें तैयार की जानी हैं। सूत्रों के मुताबिक कुछ व्यापारियों ने मार्केट को विस्तार देने प्रशासन से वहां और अधिक जमीन की मांग की है।



दुकानों की डिजाइन : प्रस्तावित एरिया में 967 वर्गफीट पर दुकान बनेगी। 677 वर्गफीट भू तल और 290 फीट का पाटा होगा। भूतल की ऊंचाई 16 फीट रहेगी। प्रथम और द्वितीय मंजिल का एरिया सात-सात सौ वर्गफीट होगा। दुकानों के सामने की रोड 60 फीट की होगी।



असहमति भी : थोक बाजार शिफ्टिंग पर शहर के कुछ व्यापारी असहमत भी हैं। महोबा बाजार के केतन जोशी ने इन दिनों चल रही पूरी कवायद को औचित्यहीन करार दिया है। उनका कहना है, रेलवे की पहुंच को ध्यान में रखते हुए थोकबाजार सोनडोंगरी में शिफ्ट किया ेजाना चाहिए।



चैंबर पदाधिकारी जितेंद्र बरलोटा ने बताया कि डूमरतराई को व्यापार हब बनाने की दिशा में पहल शुरू हुई है। व्यापारियों के मौके का निरीक्षण करने के बाद सकारात्मक परिणाम की उम्मीद की जा रही है।



कांग्रेस व्यापारी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष कन्हैया अग्रवाल का कहना है, बाजार शिफ्टिंग मामले में शासन अथवा प्रशासन बिल्डर की भूमिका न निभाएं, बल्कि डूमरतराई में ज्यादा से ज्यादा बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराएं। वहां हजार वर्गफीट एरिया की बड़ी दुकानों के साथ छोटी दुकानों का भी निर्माण कराया जाना चाहिए।

  share
apne vichaar
post a comment
name:
email:
select your language:     Hindi Roman     Hindi Phonetic     English
comment:
code: