जवाहर नगर में चार दुकानों के ताले टूटे
हिसार. जवाहर नगर की मार्केट में शुक्रवार रात को चोरों ने चार दुकानों के ताले चटकाकर हजारों रुपए की नकदी व सामान पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस ने दुकानदारों की शिकायत दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
चोरों ने सर्वाधिक नुकसान गली नंबर 2 में स्थित नागपाल मोबाइल गैलरी को पहुंचाया।
चोरों ने दुकान की शटर के दोनों ताले तोड़ डाले लेकिन सेंटर लॉक के कारण शटर नहीं खुला। ऐसे में चोरों ने किसी रॉड से शटर का एक कोना उखाड़ दिया और एंट्री डोर का शीशा तोड़कर अंदर घुस गए। दुकान मालिक रिंकू नागपाल ने बताया कि चोरों ने 2500 रुपए की नकदी, दुकान से कई नए और पुराने मोबाइल, मोबाइल बैटरी, रिचार्ज कूपन, मेमौरी कार्ड व डाटा केबल सहित काफी सामान चुरा लिया। चोरीशुदा सामान की कीमत करीब 65 हजार रुपए है।
चोरों ने नागपाल मोबाइल गैलरी के समीप कूक्की मोबाइल गैलरी के ताले भी चटका डाले और वहां से एक मोबाइल चुराया। इसके अलावा गली नंबर 4 में स्थित महेंद्रा कंफेक्शनरी के शटर के ताले तोड़कर करीब ढाई हजार रुपए की नकदी और तीन हजार रुपए का सामान चुरा लिया।
दुकान मालिक शिवदयाल ने बताया कि ढाई हजार रुपए की रेजगारी किसी परिचित ने रखी हुई थी। चोरों ने दुकान से सिगरेट के पैकेट के अलावा खाने-पीने का सामान चुराया है। इस दुकान के साथ बेटे का फोटो स्टूडियो है, जिसमें अंदरूनी रास्ते के जरिए चोर दाखिल हुए। मगर वहां से कुछ नहीं ले जा सके।
इन तीन दुकानों के अलावा चोरों ने गली नंबर 8 की मार्केट में रवि क्लॉथ हाउस के ताले भी तोड़े, मगर वहां उन्हें ज्यादा कामयाबी नहीं मिली। एक रात के भीतर चार दुकानों के ताले टूटने से दुकानदार सहमे हुए हैं। मार्केट में पिछले कई महीनों से कोई चौकीदार नहीं है। दुकानदारों ने बताया कि चोरों ने वारदात को इत्मनान से अंजाम दिया। महेंद्रा कंफेक्शनरी से चुराए गए खाने-पीने के सामान के खाली रैपर एक अन्य दुकान के सामने मिले। इसी तरह मोबाइल बैटरी के रैपर भी वारदात स्थल के इधर-उधर मिले हैं।










