हवाई फायर मामले में 2 ठेकेदार गिरफ्तार
हिसार. पुलिस ने लोक निर्माण विभाग कार्यालय परिसर में हवाई फायर करने के मामले में दो ठेकेदारों को गिरफ्तार किया है। आजाद नगर के राजेंद्र कुमार गावड़िया और गांव पायल के बिजेंद्र कुमार नामक इन ठेकेदारों को बाद में जमानत पर रिहा कर दिया गया। सिविल लाइन थाना पुलिस ने इस बारे में बीती 30 अक्टूबर को केस दर्ज किया था।
हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय चौकी के इंचार्ज दलीप सिंह की टीम ने दोनों ठेकेदारों को शनिवार को न्यायिक दंडाधिकारी हरीश कुमार गोयल की अदालत में पेश किया और पिस्तौलों की बरामदगी के लिए उनका दो दिन का पुलिस रिमांड मांगा। मगर कुछ देर बाद ठेकेदारों ने खुद लाईसेंसी पिस्तौलें मंगाकर पुलिस को सौंप दी।
इससे पुलिस के रिमांड लेने की मंशा पर पानी फिर गया। अदालत ने पिस्तौलों की बरामदगी के बाद दोनों की जमानत मंजूर कर ली। पुलिस के अनुसार घटना वाले दिन 30 अक्टूबर को लोक निर्माण विभाग कार्यालय में किसी काम के सिलसिले में उक्त दोनों ठेकेदार आए थे। उक्त दोनों ठेकेदारों के बीच किसी बात को लेकर आपस में कहासुनी के बाद एक ने पिस्तौल से हवाई फायर कर दिया था।
फायर होते ही वहां भगदड़ मच गई थी। सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना प्रभारी सूरज कुमार चावला और हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय चौकी इंचार्ज दलीप सिंह ने टीम सहित मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी थी। पुलिस ने इस बारे में कार्यालय के स्टेनो सतीश कुमार की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ हवाई फायर करने का केस दर्ज किया था।










