फेक करंसी का सप्लायर कृष्ण
हिसार. हिसार में नकली नोट गिरोह के मामले में नया मोड़ सामने आया है। मंगलवार को हिसार में नकली नोट चलाते पकड़े गए महिला-पुरुष व गुरुवार को राजस्थान के भादरा में नकली नोटों के साथ पकड़े गए मां-बेटे के मामले के तार एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं।
दोनों जगह से पकड़े गए आरोपियों को बाजार में नकली नोट चलाने के लिए कृष्ण नामक व्यक्ति ही नकली नोटों की सप्लाई करता था। कृष्ण को भादरा पुलिस ने गुरुवार रात को गिरफ्तार किया था तथा उसके कब्जे से नकली नोट बनाने का सामान भी बरामद किया था। इन दोनों मामले के तार एक ही व्यक्ति से जुड़े होने के बाद अब पुलिस मामले की और तह तक जाने के प्रयास कर रही है।
राजस्थान पुलिस एक-दो दिन में हिसार आकर मामले की जांच आगे बढ़ाएगी। वहीं हिसार पुलिस कृष्ण का प्रोडक्शन वारंट लेने के प्रयास में जुट गई है। इन सब चीजों को लेकर दोनों जगह की पुलिस लगातार एक-दूसरे के संपर्क में हैं और आपस में तालमेल बनाए हुए है।
पुलिस इस तलाश में है कि कृष्ण ने और किन लोगों को नकली नोटों की सप्लाई की और नकली नोट बनाने के मामले में उसके साथ और कौन-कौन शामिल है। कृष्ण के खुद के तार कहां तक जुड़े हुए हैं, इस बारे में भी पुलिस खोजबीन कर रही है। शनिवार को इस मामले में जांच के दौरान ये खुलासा हुआ कि नकली नोट छापने वाले कृष्ण ने ही हिसार में चार दिन पहले पकड़े गए मुकेश व ऊषा को नकली नोट सप्लाई किए हैं।
एएसपी पंकज नैन के अनुसार नकली नोट छापने के आरोप में सेक्टर 16-17 में भादरा पुलिस द्वारा पकड़े गए कृष्ण ने ही मंगलवार को नकली नोट चलाने के आरोप में पकड़े गए मुकेश व ऊषा को नकली नोट दिए थे। दोनों मामले आपस में जुड़े हुए हैं। कृष्ण से पूछताछ के लिए हिसार पुलिस राजस्थान से कृष्ण को जल्द ही प्रोडक्शन वारंट पर लाएगी।
इस मामले में पुलिस ने ऊषा के पूर्व पति हबीब खान से भी पूछताछ की है लेकिन उसकी इस मामले में भागीदारी सामने नहीं आई है। उल्लेखनीय है कि पुलिस ने मंगलवार को हिसार में मॉडल टाउन निवासी ऊषा व सैनियान मोहल्ला निवासी मुकेश को 39 हजार 500 रुपए के नकली नोटों के साथ गिरफ्तार किया था।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उनसे दो हजार रुपए और नकली नोट बरामद किए। इसके दो दिन बाद राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले के भादरा क्षेत्र में पुलिस ने हिसार जिले में नारनौंद क्षेत्र के गांव डाटा निवासी सुनीता देवी व उसके बेटे दीपक को भादरा में हजारों रुपए के नकली नोटों के साथ गिरफ्तार किया।
आरोपी सुनीता का पति चंद्रभान फतेहाबाद पुलिस में सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) है और वायरलैस ऑपरेटर के पद पर कार्यरत है। आरोपियों से पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी मां-बेटे ने हिसार के सेक्टर 16-17 में रह रहे कृष्ण से नकली लिए हैं। तब भादरा पुलिस ने गुरुवार को देर रात सेक्टर 16-17 में छापा मारा।
पुलिस ने वहां प्रापर्टी डीलर कृष्ण को नकली नोट बनाने के सामान के साथ गिरफ्तार किया। कृष्ण के कब्जे से पुलिस ने 2 लाख 18 हजार रुपए की नकदी, नकली नोटों की बिना प्रिटिंड 13 गड्डियां, एक प्रिंटर और कम्प्यूटर का सीपीयू बरामद किया।
सुनीता व कृष्ण, चाची-भतीजा
भादरा में नकली नोट चलाने के आरोपी सुनीता व कृष्ण को राजस्थान पुलिस ने शनिवार को अदालत में पेश करके तीन दिन के रिमांड पर लिया है। तीसरे आरोपी व सुनीता के पुत्र दीपक को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। भादरा थाना इंचार्ज नंदराम भादू के अनुसार 45 वर्षीय सुनीता रिश्ते में 40 वर्षीय कृष्ण की चाची लगती है।
कृष्ण नकली नोट छापता था और सुनीता अपने बेटे दीपक को साथ लेकर उन्हें बाजार में चलाती थी। भादू ने बताया कि इस मामले में पुलिस रिमांड पर लिए गए आरोपियों से यह जानने का प्रयास करेगी कि वे नकली नोट बनाने की सामग्री कहां से लाते थे। ये भी पता लगाया जाएगा कि इस मामले में और कौन-कौन जुड़ा हुआ है। पकड़े गए आरोपी हिसार के हैं, इसलिए रिमांड के दौरान उन्हें हिसार भी लाकर छानबीन की जाएगी।
मुकेश को जेल भेजा
हि सार पुलिस ने नकली नोट रखने के आरोपी सैनियान मोहल्ला के मुकेश को एक दिन का पुलिस रिमांड खत्म होने के बाद शनिवार को मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी आरपी गोयल की अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। सिटी थाना के सब इंस्पेक्टर प्रकाश चंद की टीम ने शुक्रवार को उसका एक दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया था।
पुलिस ने मंगलवार को एक मुखबरी के आधार पर नागोरी गेट स्थित एक ज्वैलर की दुकान पर छापा मारा था और सैनियान मोहल्ला के मुकेश तथा न्यू मॉडल टाउन की उष को 39,500 रुपए सहित गिरफ्तार किया था। पुलिस ने बुधवार को दोनों को अदालत में पेश किया था, जहां से मुकेश को दो दिन के पुलिस रिमांड और उषा को जेल भेज दिया गया था। पुलिस ने मुकेश से दो दिन के रिमांड के दौरान 2000 रुपए की और जाली करंसी बरामद की थी।










