द.अफ्रीका-इंग्लैंड जोरदार मुकाबले को बेताब
सेंचुरियन. दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की सीरीज के दूसरे वनडे में रविवार को यहां सुपर स्पोर्ट्स पार्क के मैदान पर जोरदार टक्कर की उम्मीद है। सीरीज का पहला मैच बारिश के कारण एक भी गेंद फेंके बिना रद्द हो गया था।
इस कारण दूसरे मुकाबले के लिए दोनों टीमों में बेताबी है। हाल ही में संपन्न चैंपियंस ट्रॉफी में मेजबान दक्षिण अफ्रीका का प्रदर्शन खराब रहा था। वहीं, इंग्लैंड को ऑस्ट्रेलिया ने पिछली द्विपक्षीय सीरीज में 6-1 से मात दी थी।
जाहिर है, दोनों टीमें यह सीरीज जीतकर अपनी पिछली हार का गम भुलाने को बेताब हैं। मेजबान दक्षिण अफ्रीका का घरेलू रिकॉर्ड शानदार है और यह मैदान भी कुछ अलग नहीं है, जिसमें उसने 25 में से 17 मैच जीते हैं।
इंग्लैंड की टीम इस मैदान पर एक मैच ही खेली है और वह भी बारिश के कारण रद्द हो गया था। वैसे, दोनों टीमों के बीच इस मैदान पर यह पहला मुकाबला होगा। मुकाबले की बात करें, तो गेंदबाजी के मोर्चे पर इंग्लिश टीम कमजोर नजर आ रही है।
ऑलराउंडर स्टुअर्ट ब्रॉड और स्पिनर ग्रीम स्वान चोट के कारण पहले ही दो वनडे से बाहर हो गए हैं। टीम के सबसे अहम गेंदबाज जेम्स एंडरसन भी इस समय घुटने की चोट से पीड़ित हैं। ऐसे में इंग्लिश आक्रमण का भार टिम ब्रेसनन, साजिद महमूद और ग्राहम ओनियंस के कंधों पर रहेगा। इन तीनों का हाल के मैचों में प्रदर्शन ज्यादा प्रभावशाली नहीं रहा है।
इसके विपरीत मेजबान टीम का आक्रमण धारदार और संतुलित है। उसके पास डेल स्टेन, वेन पर्नेल, चाल्र्स लैंग्वेल्थ जैसे बेहतरीन तेज गेंदबाज हैं। स्पिनर जोहान बोथा और वान डर मर्व भी अपना काम बखूबी कर रहे हैं। ऑलराउंडर एल्बी मोर्केल, जैक कैलिस टीम की गेंदबाजी को गहराई देते हैं।
वैसे चोट के कारण पर्नेल के इस मैच में खेलने की संभावना कम है। बल्लेबाजी की बात करें, तो पिच रनों से भरपूर दिख रही है और इस पर बड़ा स्कोर देखने को मिल सकता है। दोनों टीमों के बल्लेबाज अच्छी फॉर्म में हैं। मेजबान टीम के पास कप्तान ग्रीम स्मिथ और हाशिम अमला की सफल सलामी जोड़ी है।
मध्यक्रम में जैक कैलिस, एबी डिविलियर्स और जेपी डुमिनी की मजबूत तिकड़ी है। विकेटकीपर बल्लेबाज मार्क बाउचर और एल्बी मोर्कल की मौजूदगी में टीम की बल्लेबाजी और खतरनाक हो जाती है। दूसरी ओर, केविन पीटरसन की वापसी से इंग्लैंड का बल्लेबाजी क्रम भी मजबूत हो गया है।
टीम के पास पीटरसन, जोनाथन ट्रॉट, इयान मोर्गन और पॉल को¨लगवुड के रूप में दमदार मध्यक्रम है। कप्तान एंड्रयू स्ट्रॉस सलामी बल्लेबाज की भूमिका जोए डेनली या एलिस्टर कुक के साथ निभाएंगे। क्षेत्ररक्षण में दोनों टीमों के पास कुछ स्तरीय क्षेत्ररक्षक हैं। हालांकि, कुल मिलाकर दक्षिण अफ्रीका खेल के इस विभाग में इंग्लैंड पर बीस दिखता है।
संभावित टीमें
इंग्लैंड : एंड्रयू स्ट्रॉस (कप्तान), एलिस्टर कुक, केविन पीटरसन, कॉलिंगवुड, मोर्गन, जोए डेनली, जोनाथन ट्रॉट, मैट प्रायर, ल्यूक राइट, जेम्स ट्रेडवेल, आदिल राशिद, जेम्स एंडरसन, टिम ब्रेसनन, स्टुअर्ट ब्रॉड, साजिद महमूद, ग्राहम ओनियंस, लियाम प्लंकेट और ग्रीम स्वान।
दक्षिण अफ्रीका : ग्रीम स्मिथ, हाशिम अमला, एबी डि विलियर्स, जेपी डुमिनी, मार्क बाउचर, एल्बी मोर्केल, रेयान मैक्लारेन, वान डर मर्व, जोहान बोथा, चाल्र्स लैंग्वेल्थ, वेन पर्नेल, डेल स्टेन, एल. सोत्सोबो और ए. पीटरसन।










