कानपुर.कड़ी सुरक्षा को भेदकर ग्रीन पार्क स्टेडियम में रिवॉल्वर लेकर घूम रहे एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया है। डीआईजी बीपी जोगडंड ने कहा कि रिवाल्वर के साथ गिरफ्तार शख्स का नाम लक्ष्मीकांत गुप्ता है।
पुलिस ने सूचना मिलते ही उसे स्टेडियम के पाकिंग इलाके से गिरफ्तार किया।, जहां वह कुछ देर से चहलकदमी कर रहा था। उससे पूछताछ की जा रही है। गिरफ्तार व्यक्ति ने खुद को पत्रकार (बहुजन केसरी पत्रिका) बताया है। उसके पास रिवाल्वर का लाइसेंस भी है।
इस घटना के बाद डीआईजी ने बिना तलाशी किसी भी व्यक्ति के स्टेडियम में प्रवेश पर रोक लगा दी है। शहर के इसी मैदान पर भारत-श्रीलंका के बीच दूसरा टेस्ट मैच खेला जाना है।
सचिन का सम्मान : कड़ी सुरक्षा के बीच होटल पहुंचते ही दोनों टीमों के सभी खिलाड़ियों का स्वागत किया गया। इसी समय सचिन का विशेष सम्मान करते हुए उन्हें एक प्रतीक चिन्ह दिया गया। इसमें उनके 20 वर्ष के अंतरराष्ट्रीय कॅरियर और 30,000 रन के सफर के कुछ पल अंकित हैं।
टीमें कानपुर पहुँची: भारतीय और श्रीलंका की टीम दूसरा टेस्ट मैच खेलने के लिए शनिवार शाम यहां पहुंच गई। होटल ने सचिन के लिए अपने सबसे खास प्रेसीडेंशियल सुईट में उनके ठहरने की व्यवस्था की है। दोनों टीम अहमदाबाद से लखनऊ तक हवाई सफर तय करने के बाद यहां सड़क मार्ग से पहुंची।










