बस चालक को लाठी व डंडों से किया घायल
इस्माइलाबाद& गांव चम्मूकलां के मोड़ पर कुछ डंडो व हाकियों से लैस युवकों ने एक बस चालक की बुरी तरह पिटाई कर उसे घायल कर दिया। घायल को अस्पताल में दाखिल कराया गया और इसकी सूचना पुलिस को दी गई। समाचार लिखे जाने पुलिस ने इस संदर्भ में कोई मामला दर्ज नहीं किया था। कस्बे से पटियाला जाने वाली बस के चालक रविंद्र सिंह व गांव चम्मू के एक युवक के साथ शुक्रवार को किसी बात को लेकर विवाद हो गया। लोगों ने बीचबचाव कर इस विवाद को मौके पर ही निपटा दिया। लेकिन रविवार को उक्त युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर बस को रोक लिया। इससे पहले बस में बैठी सवारियां कुछ समझ पाती,युवकों ने बस चालक को बस से बाहर खींचकर जमकर पिटाई करनी शुरू कर दी। इसके बाद हमलावर युवक घायल बसचालक को मौके पर छोड़कर फरार हो गए।
बस के परिचालक व सवारियों ने बसचालक को अस्पताल में दाखिल कराया और इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने बसचालक की शिकायत पर मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि पुलिस इस संदर्भ में समाचार लिखे जाने तक कोई मामला दर्ज नहीं किया था। थाना प्रभारी रामचंद्र ने पुष्टिï करते हुए बताया कि इस तरह का मामला थाना में आया है। जांच के बाद मामला दर्ज कर आरोपी युवकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस मामले को लेकर दोनों पक्षों के बीच सुलह कराने के लिए पंचायतों का दौर जारी था।










