व्यापारियों के खिलाफ लामबद्ध हुए कर्मचारी
कुरुक्षेत्र & लेवी का चावल स्वीकार करने को लेकर कुरुक्षेत्र के मिल मालिकों व एफसीआई के बीच उपजा विवाद अभी शांत होने के आसार नहीं हैं। दोनों पक्ष अपने आप को सही ठहरा कर एक दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं।
भारतीय खाद्य निगम के अधिकारियों व कर्मचारियों ने प्रशासन के दबाव में गोदाम के बाहर पड़ चावल अंदर लगवा तो लिया लेकिन व्यापारियों के खिलाफ वे एकजुट होने लगे हैं। कुरुक्षेत्र और कैथल के कर्मचारियों ने रविवार को निगम के कार्यालय के बाहर बैठक कर चावल लगवाने के नाम पर की गई गाली गलौच व रिश्वत के आरोपों पर गहरा रोष जताया गया।
अब कमेटी से निपटे व्यापारी
चावल विवाद पर व्यापारियों से निपटने के लिए भारतीय खाद्य निगम के कर्मचारियों व अधिकारियों ने १२ सदस्यों वाली कमेटी गठित की है। जो जीत राम शर्मा के नेतृत्व में संघर्ष करेगी। गुणवता निरीक्षक जेडी भारद्वाज इस कमेटी के समन्वयक होंगे। बैठक में कहा गया कि व्यापारी बिहार व यूपी से लाया गया रिसाइकिल्ड चावल लाकर उसे धान से निकाला दिखा रहे हैं। मामला पकड़ में आ जाने पर दबाव बना कर ये चावल थोपना चाहते हैं। अगर पूरे मामले की जांच की जाए तो सच सामने आ जाएगा। कर्मचारियों ने इस बार पर गहरा रोष जताया कि इस मसले में निगम के क्षेत्रिय प्रबंधन ने उनकी कोई मदद नहीं की।
बैठक में एफसीआई कर्मचारी संघ के राज्य महासचिव जयदेव शर्मा, जिला सचिव जीत राम शर्मा, जिला प्रधान राजा राम, भोजेंद्र प्रसाद, गुणवता नियंत्रण के प्रबंध राज सिंह राठी, रमेश चौधरी ने हिस्सा लिया।










