मीटर लगने के चार माह बाद भी कनेक्शन नहीं
& सरकारी योजना का सही तरीके से अमल नहीं होने का नजारा देखना है तो सज्जनगढ़ में आकर देखा जा सकता है। जहां मीटर तो लग गए परन्तु अभी तक कनेक्शन नहीं होने से आज भी बीपीएल परिवार के लोग अंधेरे में ही गुजर बसर कर रहे हैैं। सरकार ने बिजली से वंचित बीपीएल परिवार को नि:शुल्क एक बत्ती बिजली कनेक्शन लगाने की योजना लागू की। इसके बाद सर्वे के अनुसार एक बत्ती कनेक्शन देने की स्वीकृती भी जारी कर दी।
15 जुलाई से 25 जुलाई के बीच ठेकेदारों द्वारा सज्जनगढ़ व उसके आस-पास गांवों में एक बत्ती कनेक्शन के मीटर बीपीएल परिवार के घरों की दीवारों पर लगाए गए।
परन्तु चार माह बाद भी बिजली का कनेक्शन नहीं हुआ। सिर्फ मीटर दिवारों पर शो- पीस बनकर लगे हुए है। आज तक कोई भी सुध लेने नहीं आया । चार माह के इंतजार के बाद भी कनेक्शन नहीं हुआ।










