लेजर वैली में होगी स्टारफिश-ऑक्टोपस की जंग
चंडीगढ़. चंडीगढ़ कार्निवल को लेकर यूटी प्रशासन ही नहीं गवर्नमेंट कॉलेज ऑफ आर्ट सेक्टर-10 के विद्यार्थियों ने भी तैयारी शुरू कर दी है। कार्निवल में लगने वाले फ्लोट्स को कॉलेज कैंपस में तैयार किया जा रहा है। 28 से 29 नवंबर तक सेक्टर 10 स्थित लेजर वैली में कार्निवल का आयोजन किया जाना है। इस दौरान कार्निवल में तरह तरह की झांकी भी निकाली जाएगी। इन फ्लोट्स को बनाने में कॉलेज के करीब 200 विद्यार्थी जी जान से मेहनत कर रहे हैं।
दिखेंगे समुद्री जीव: कार्निवल की थीम ‘सी एनिमल्स’ है। इसलिए जो भी फ्लोट्स बनाए जा रहे हैं वह समुद्र से ही संबंधित हैं। फिर चाहे वह डॉल्फिन हो, स्टारफिश या ऑक्टोपस। सभी के डिजाइन एक दूसरे से अलग होंगे। इनके बीच मुकाबला होगा- डिजाइन में कौन किससे बेहतर है।
विद्यार्थियों ने इससे पहले अपने डिजाइन का स्केच कॉलेज प्रशासन को सौंप दिया है। प्रशासन द्वारा चुने गए स्केच ही फ्लोट्स में तबदील होते हैं। फ्लोट्स को बनाने में बांस और रस्सी का इस्तेमाल सबसे ज्यादा होता है।
टीम वर्क दिखेगा काम में: कॉलेज में बीएफए के विद्यार्थी पुलकित ने बताया कि हम सुबह नौ से शाम पांच बजे तक इसकी तैयारियों में जुटे जाते हैं। चाकू से बांस को काटना और रस्सी के इस्तेमाल से मोड़ना इतना आसान नहीं होता। उम्मीद है कि उनके द्वारा बनाई जाने वाली डॉलफिन सबसे बेहतर होगी। बीएफए थर्ड ईयर की विद्यार्थी शशि ने बताया कि उनके टीम में आठ सदस्य हैं और सभी मिलकर वॉटर स्कूटर के साथ कुछ और चीजें भी बना रहे हैं।
बीएफए सेकंड ईयर के यति ने कहा कि 11 सदस्यीय उनकी टीम दरियाई घोड़े व जलपरी बनाने का काम कर रही है। सुबह से शाम तक काम करते जा रहे हैं ताकि समय पर काम पूरा हो जाए।
-










