जेब में चाबी, बीट बॉक्स के पास से कार चोरी
चंडीगढ़. शहर में आमतौर पर मारुति कारें ही चोरी हो रही हैं। वह भी तब जब गाड़ी की चाबी मालिक की जेब में होती है। ऐसा ही वाकया शनिवार शाम 7 बजे सेक्टर-22 मार्केट में पुलिस बीट बॉक्स के पास हुआ। कार मालिक को अपने परिवार के साथ ऑटो से घर लौटना पड़ा। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मोहाली के कुलदीप सिंह पत्नी मधु शर्मा और तीनों बच्चों के साथ शॉपिंग करने आए थे। पार्किग में जगह न मिलने पर अपनी मारुति कार किरण थियेटर के सामने बीट बॉक्स के पास खड़ी कर दी। करीब 10 मिनट बाद लौटे तो कार चोरी हो चुकी थी।
चाबी को देखते रहे
कुलदीप इस बात से हैरान थे कि बीट बॉक्स के पास से कार चोरी हो गई, जबकि चाबी उनकी जेब में थी । कुलदीप बार—बार जेब से चाबी निकाल कर देखते और फिर जेब में रख लेते।
घर कैसे जाएगें पापा
कुलदीप को सपरिवार एक मित्र की शादी में जाना था। कार में काफी सामान रखा था। बच्चे एक ही सवाल पूछ रहे थे, पापा हम घर कैसे जाएगें। शादी में कौन से कपड़े पहनेगें।
देर रात पहुंचे घर
कुलदीप ने कार की तलाश करने के बाद बीट बॉक्स में शिकायत दी। सिपाही ने ट्रैफिक हेल्पलाइन से संपर्क को करने को कहा। कुलदीप सेक्टर—29 ट्रैफिक पुलिस लाइन पहुंचे पर वहां कार नहीं थी। आखिर में ऑटो से रात 11 बजे सपरिवार घर पहुंचे।










