चंडीगढ़ आंदोलन में शामिल होंगे हिमाचली कर्मचारी
मंडी. सरकारी क्षेत्र के तृतीय व चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हाल में घोषित नए वेतन मान को लेकर खफा हैं। चतुर्थ श्रेणी कर्मियों ने इस संदर्भ में पंजाब के कर्मचारियों द्वारा चंडीगढ़ में किए जा रहे आंदोलन में भाग लेने का निर्णय किया है।
चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संघ की मंडी में हुई बैठक की अध्यक्षता करते हुए वरिष्ठ उपप्रधान देवीराम ने कहा कि नई वेतन व्यवस्था में चतुर्थ श्रेणी कर्मियों को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया गया है। इसी मुद्दे को लेकर 27 नवबंर को चंडीगढ़ में पंजाब के कर्मचारियों द्वारा आंदोलन किया जा रहा है जिसमें हिमाचल से भी बड़ी संख्या में कर्मचारी भाग लेंगे।
बैठक में डीसी के खिलाफ बयानबाजी करने वाले कर्मचारी नेताओं को भी आड़े हाथ लिया गया। उपस्थित सदस्यों ने कहा कि डीसी ओंकार शर्मा एक युवा, कर्मठ व निष्पक्ष अधिकारी हैं और कर्मचारियों के साथ उनका रवैया हमेशा ही सहयोगात्मक रहा है।
इसके बावजूद कुछ कर्मचारी अपने निहीत स्वर्थो के चलते डीसी की खिलाफत कर रहे हैं। चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संघ ने डीसी के विरूद्ध अभियान चलाने के लिए एबीवीपी की भी कड़ी आलोचना की।
वरिष्ठ उपप्रधान देवीराम ने कहा कि अगर छात्र संगठनों की मांग पर प्रशासनिक अधिकारियों के तबादले किए जाते रहे तो इससे अच्छा संदेश नहीं जाएगा। संघ ने सरकार से डीसी का तबादला नहीं किए जाने का भी आग्रह किया।










