नई दिल्ली. कड़ाके की ठंड के बाद दिल्लीवासियों को अब धुंध से दो-चार होने के लिए तैयार रहना होगा। सोमवार व मंगलवार की सुबह धुंध छाए रहने की आशंका है। हालांकि इसकी वजह से ठंड में कुछ कमी आ सकती है। अगले 48 घंटों में दिल्ली के तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की जा सकती है।
मौसम विशेषज्ञों का पूर्वानुमान है कि दिन के समय धुंध छंट जाएगी। जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी होने की संभावना है। मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क बना हुआ है। इन इलाकों में शुष्क मौसम का दौर अभी जारी रह सकता है। ऐसे में पछुआ हवा में मौजूद जलवाष्प एवं मैदानी इलाकों की शुष्क हवा का मिलन हो सकता है।
गरम व ठंडी हवाओं के मिलन की वजह से धुंध बन सकती है। चूंकि दिल्ली की फिजा में वायु प्रदूषक तत्व काफी मात्रा में मौजूद हैं। ऐसे में धुंध धरती के काफी पास बनेगी। मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को दिल्ली के तापमान में कोई विशेष परिवर्तन दर्ज नहीं किया गया, लेकिन यहां से सटे मेरठ में पारा लुढ़ककर 3.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
मौसम विभाग के मुताबिक पूरे देश का सर्वाधिक न्यूनतम तापमान मेरठ में दर्ज किया गया। दिल्ली में न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम यानी 8.7 दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।










