पूर्व एडीजीपी थिंड की पेशी टली
पटियाला. जाली दस्तावेज तैयार कर विभिन्न बैंकों को करोड़ों रुपए का चूना लगाने वाले हिमाचल प्रदेश के पूर्व एडीजीपी भूपिंदर सिंह थिंड सोमवार को पटियाला की सीबीआई अदालत में पेश हुए। सेंट्रल ब्यूरो आफ इन्वेस्टिगेशन (सीबीआई) का वकील अदालत में पेश न होने के कारण एडीजीपी की पेशी 8 दिसंबर तक बढ़ा दी गई है।
याद रहे कि एडीजीपी थिंड ने जीरकपुर स्थित प्लाट के नाम पर मकान बनाने के लिए चंडीगढ़, पंचकूला के 17 बैंकों से लगभग 3.4 करोड़ के लोन लिया थ व बाद में इन्हें वापस नहीं किया। विजय बैंक चंडीगढ़ ने इस संबंध में अदालत का दरवाजा खटखटाया जहां से उन्होंने 20 लाख रुपए का लोन लिया था। बैंकों को करोड़ों रुपए का चूना लगाने के मामले में सीबीआई ने एडीजीपी थिंड को 27 अक्टूबर 2006 को चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया था।










