चंडीगढ़. यूरोप से लेकर कनाडा तक भारत की आर्थिक एवं राजनीतिक सफलता की बात होती है। शायद पहली बार है कि कनाडा खुद भारत के साथ अपने कारोबारी रिश्ते पहले के मुकाबले कहीं अधिक व्यापक स्तर पर मजबूत करना चाहता है।
भारत अब तीसरी दुनिया का देश नहीं है और यह लगातार आगे बढ़ रहा है। यह कहना है कि कनाडा की लिबरल सांसद डॉ. रूबी ढल्ला का। नई दिल्ली में प्रवासी भारतीय दिवस पर भारत सरकार की विशेष मेहमान के तौर पर आईं डॉ.रूबी ढल्ला ने दैनिक भास्कर से बातचीत में बताया कि भारत सरकार का यह प्रयास प्रवासी भारतीयों को भारत के करीब ला रहा है।
भारत में विमान से उतरते ही बड़े प्रोजेक्ट्स पर चल रहा काम, मैट्रो व आधुनिक एसी बसें दिखती हैं जो कि बदलते भारत की तस्वीर है। इससे प्रवासी भारतीय भी गौरव महसूस करते हंैं। रूबी का कहना है अभी भी भारत में 30 से 40 करोड़ लोग निरक्षर हैं और इतने ही गरीबी रेखा से नीचे हैं।
इनको भी साक्षर और संपन्न भारत के साथ जोड़ लिया तो भारत की तरक्की इससे तेज होगी। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के बारे में ढल्ला ने कहा कि बीते लोकसभा चुनाव में जब भारतीय मतदाताओं ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के काम को देखते हुए वोट दिए तो विदेशों में बसे सिखों को भी उनके सिख होने पर गर्व हुआ। ओबामा ने मनमोहन को जो सम्मान दिया, उससे भी कनाडियन सिख गौरव महसूस करते हैं।
पंजाब सरकार से भी उम्मीद
पंजाब के प्रवासियों के बारे में बात करते हुए रूबी ने बताया कि पंजाब से विदेश गए लोगों की जमीन जायदाद पर लगातार कब्जे हो रहे हैं और उन्हें अदालती कार्रवाई में उलझाया जा रहा है।
अक्सर उनके खिलाफ झूठे पुलिस केस दर्ज कर उन्हें परेशान किया जाता है। उन्होंने मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल से इस बारे में बात की है और उन्होंने आश्वासन दिया है कि इस संबंध में कई सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।










