चूरू. पंचायत राज संस्थाओं के चुनाव के नामांकन की अंतिम तिथि होने के चलते शनिवार को कलेक्ट्रेट में ग्रामीणों का मेला लगा रहा। कलेक्ट्रेट में दोपहर तीन बजे तक प्रत्याशी व उनके समर्थकों की चहल पहल बनी रही। कड़ाके की सर्दी के बाद भी कलेक्ट्रेट में ग्रामीणों की भीड़ उमड़ी रही। गांव की सरकार के जनप्रतिनिधियों के चुनाव को लेकर प्रत्येक प्रत्याशी अपने दल बल के साथ पर्चा भरने पहुंचा।
भाजपा की ओर से अधिकतर प्रत्याशी समूह रूप में आए। प्रत्याशियों के साथ आए समर्थकों की उमड़ी भीड़ के चलते कलेक्ट्रेट में पैर रखने को जगह नहीं मिली। यही हाल कांग्रेस की ओर से पर्चा भरवाने आए प्रत्याशियों के समर्थकों की उमड़ी भीड़ के दौरान रहा।
सीमित समय में इतने सारे नामांकन भरे जाने की कार्रवाई के चलते प्रशासनिक अधिकारियों को भी सांस लेने की फुर्सत नहीं मिली, वहीं पुलिस प्रशासन भी कलेक्ट्रेट में शांति व्यवस्था बनाने में जुटा रहा। पंचायती राज आम चुनाव 2010 के तहत नामांकन के अंतिम दिन शनिवार तक जिला परिषद के सभी 27 वाडरें से सदस्य निर्वाचन के लिए कुल 107 नामांकन दाखिल किए गए हैं जबकि पंचायत समिति सदस्य पद के निर्वाचन के लिए जिले में कुल 517 नामांकन पत्र दाखिल किए गए हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी डा. केके पाठक ने बताया कि शनिवार को जिला परिषद सदस्य के निर्वाचन के लिए 99 नामांकन पत्र दाखिल किए गए। उन्होंने बताया कि जिला परिषद वार्ड 05 से चार, वार्ड 06 से दो, वार्ड 07 से दो, वार्ड 08 से दो, वार्ड 9 से तीन, वार्ड 10 से पांच, वार्ड 11 से पांच, वार्ड 12 से पांच, वार्ड 13 से चार, वार्ड 14 से दो, वार्ड 15 से छह, वार्ड 16 से दो, वार्ड 17 से तीन, वार्ड 18 से पांच, वार्ड 19 से तीन, वार्ड 20 से चार, वार्ड 21 से सात, वार्ड 22 से पांच, वार्ड 23 से तीन, वार्ड 24 से चार, वार्ड 25 से पांच, वार्ड 26 से तीन, वार्ड 27 से तीन, वार्ड 28 से चार, वार्ड 29 से एक, वार्ड 30 से तीन व वार्ड 31 से चार नामांकन पत्र दर्ज कराए गए हैं। उन्होंने बताया कि नामांकन के अंतिम दिन शनिवार तक चूरू पंचायत समिति में 52, तारागनर पंचायत समिति में 81, सरदारशहर में 81, रतनगढ़ में 73, सुजानगढ़ में 85 तथा राजगढ़ में 145 नामांकन पत्र दाखिल किए गए हैं।










