भोपाल. भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन की चुनाव प्रक्रिया शुरू हो गई है। महाविद्यालय छात्रों को चुनाव से सीधा जोड़ा जा रहा है। मतदान से ही सारी इकाई के चुनाव कराए जाएंगे।
संगठन के प्रदेश चुनाव अधिकारी विनय तोमर ने बताया कि 17 दिसंबर 09 से शुरू किए गए सदस्यता अभियान की अवधि 23 जनवरी तक बढ़ाई गई है। श्री तोमर के अनुसार प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव 20 से 25 फरवरी के बीच होगा। इससे पहले महाविद्यालय और फिर जिला इकाई के चुनाव होंगे। महाविद्यालय और जिला इकाई के प्रतिनिधि प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव करेंगे।
इस बार जम्बो कार्यकारिणी नहीं होगी, बल्कि एक अध्यक्ष, दो महासचिव और दो सचिव होंगे। इसमें एक सचिव छात्रा होगी। भोपाल जिले के चुनाव अधिकारी रूपेंद्र सिंह नेगी और देवेन्द्र यादव ने बताया कि राजधानी के 250 कॉलेजों में चुनाव कराए जा रहे हैं। कॉलेज के चुनाव हर वर्ष होंगे।
भाराछासं के चुनाव दो वर्ष बाद कराए जाएंगे। कॉलेज समिति में पांच प्रतिनिधियों के चुनाव होंगे, जिसमें अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, दो महासचिव में एक छात्रा होगी। कालेज से पांच प्रतिनिधि चुने जाएंगे। इकाई निर्माण मानदंड अनुसार एक इकाई के निर्माण के लिए 50 सदस्य होना अनिवार्य है। 50 सदस्य पांच प्रतिनिधि, 100 सदस्य छह प्रतिनिधि, 15 सदस्य सात प्रतिनिधि और 200 सदस्य आठ प्रतिनिधि का चुनाव करेंगे। जिला समिति में एक अध्यक्ष, दो महासचिव, एक सचिव और एक सचिव छात्रा का चुनाव होगा।
अधिक मत वाला अध्यक्ष होगा: चुनाव में सबसे अधिक मत प्राप्तकर्ता ही अध्यक्ष होगा। द्वितीय स्थान वाले को महासचिव चुना जाएगा। दो राष्ट्रीय प्रतिनिधि एक छात्र एवं एक छात्रा का चयन मतदान से होगा। सभी प्रत्याशियों को चुनाव में भाग लेने के लिए वैध नामांकन पत्र भरना होगा। राज्य समिति के चुनाव में 40 प्रतिशत मतदान आवश्यक है।
यदि मतदान 40 प्रतिशत तक नहीं पहुंचता है तो पुन: चुनाव नहीं कराए जाएंगे और एनएसयूआई इकाई गठित नहीं की जाएगी। जिला अध्यक्ष पद छात्राओं के लिए आरक्षित है। आरक्षण कॉलेज चुनाव के बाद लाटरी से किया जाएगा। कॉलेज में समिति के गठन के लिए कम से कम 20 प्रतिशत मतदान अनिवार्य है। यदि यह प्रतिशत नहीं होगा तो चुनाव नहीं कराए जाएंगे। जिला समिति के लिए भी यही नियम है।
नामांकन शुल्क भी लगेगा: चुनाव के लिए छात्र को शुल्क भी देना होगा। सदस्यता के लिए 10 रुपए शुल्क है। कॉलेज प्रतिनिधि के लिए 300 रुपए, जिला प्रतिनिधि के लिए एक हजार रुपए और राज्य एवं राष्ट्रीय प्रतिनिधि के लिए दो हजार रुपए शुल्क लिया जाएगा। 27 वर्ष के छात्र सदस्य बन सकते हैं। संगठन की सदस्यता के लिए कॉलेज का परिचय-पत्र, पासपोर्ट साइज का फोटो और आयु प्रमाण-पत्र संलग्न करना अनिवार्य है।










