जयपुर. बहुराष्ट्रीय कंपनी वावासी टेलीजेंस अपना सिलिकॉन और कंप्यूटर चिप्स बनाने का प्लांट बीकानेर में लगाएगी। कंपनी इस पर 45000 करोड़ रुपए का निवेश करेगी। कंपनी ने इसके लिए बीकानेर में जमीन मांगी।
राज्य सरकार इसके लिए तेजी से भूमि की तलाश कर रही है। इस प्लांट के लगने से 6000 से अधिक लोगों को रोजगार मिल सकेगा। राज्य में पिछले एक साल से बढ़ते निवेश के माहौल के बीच कई बहुराष्ट्रीय कंपनियों ने राजस्थान में रूचि दिखाना शुरू किया है। इसमें वावासी टेलीजेंस कंपनी भी प्रमुख रूप से शामिल है। इस कंपनी ने राजस्थान में कहीं भी उद्योग लगाने के लिए 28 फरवरी, 09 को एमओयू किया था। अब कंपनी ने बीकानेर में यह प्लांट लगाने में रुचि दिखाई है। राज्य सरकार बीकानेर में कंपनी की जरूरत के अनुसार जमीन की तलाश कर रही है। राज्य के उद्योग मंत्री राजेंद्र पारीक ने बताया कि इस काम को शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा।
वावासी टेलीजेंस का राज्य सरकार के साथ एमओयू राज्य में अशोक गहलोत की सरकार में पहला बड़ा एमओयू रहा है। कंपनी ने सिलिकॉन कांप्लेक्स बनाने की योजना पेश की थी। अब फिर से इस काम में सक्रियता आई है। इस कंपनी के बने क्रिस्टल का उपयोग सौर ऊर्जा पैनल बनाने, कंप्यूटर चिप्स बनाने, सौर सेमी कंडक्टर और अंतरिक्ष संबंधी उद्योग में किया जाता है। कंपनी 20 हजार टन कीमोन क्रिस्टलाइन वर्धन सुविधा, 2000 मोनोक्रिस्टलाइन पीवी निर्माण इकाई, 240 मेगावाट की फिल्म, पी वी पतली फिल्म निर्माण इकाई व एक फ्लोंस ग्लास प्लांट लगाएगी।










